Betul teacher suicide news: बैतूल में एक शिक्षक की आत्महत्या की घटना ने लोगों को झकझोर दिया है। घर के अंदर उठाया गया यह कदम कई सवाल छोड़ गया है। वहीं जिले में ही एक अन्य मामले में प्रॉपर्टी विवाद से जुड़े आत्महत्या प्रकरण में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

कालापाठा में शिक्षक ने उठाया आत्मघाती कदम

बैतूल शहर के गंज थाना क्षेत्र के कालापाठा इलाके में बुधवार दोपहर एक शिक्षक ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही गंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान कालापाठा निवासी संदीप परसाई (50) के रूप में हुई है, जो एक्सीलेंस स्कूल में अंग्रेजी विषय के शिक्षक थे। उन्होंने घर के हॉल में दुपट्टे की मदद से फांसी लगाई।

सुसाइड नोट मिला, जांच जारी

घटनास्थल से एक पन्ने का सुसाइड नोट भी मिला है। गंज थाना प्रभारी नीरज पाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का कारण काम का अत्यधिक दबाव सामने आया है। हालांकि, नोट की लिखावट का मिलान कराया जा रहा है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि इसे मृतक ने ही लिखा है। पुलिस का कहना है कि पूरी जांच के बाद ही स्पष्ट कारण सामने आएगा।

नोट में लिखी मानसिक परेशानी

मिले सुसाइड नोट में शिक्षक ने पिछले कई महीनों से बढ़ते काम के दबाव और मानसिक तनाव का जिक्र किया है। उन्होंने लिखा कि उन्हें नींद नहीं आ रही थी और लगातार घबराहट, डर और बेचैनी बनी रहती थी। बीते दो महीने से खुद को अवसाद में बताया गया है। नोट में यह भी लिखा गया कि उन्हें अपने परिवार से बेहद लगाव है, लेकिन मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहने के कारण उन्होंने यह कदम उठाया। साथ ही उन्होंने अपने परिवार को परेशान न करने और उनका ध्यान रखने की अपील की है।

प्रॉपर्टी विवाद में भी आत्महत्या, आरोपी गिरफ्तार

इधर जिले के सारणी क्षेत्र में एक अन्य आत्महत्या मामले में पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। यह मामला प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ा है, जिसमें आजाद नगर पाथाखेड़ा निवासी शिक्षक हंसराज पद्माकर (49) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

जांच में सामने आया कि उन्होंने बडोरा निवासी राजकुमार लोखंडे और उनकी पत्नी निशा लोखंडे से मकान खरीदने के लिए 25 लाख 21 हजार रुपये में सौदा किया था और 3 लाख 70 हजार रुपये बतौर बयाना दिए थे। आरोप है कि बाद में आरोपियों ने न तो रजिस्ट्री की और न ही रकम लौटाई। पैसे मांगने पर उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई, जिससे वे मानसिक रूप से परेशान हो गए।

सारणी पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर प्रताड़ना की पुष्टि मानते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल सुसाइड नोट में केवल पति-पत्नी के नाम ही सामने आए हैं, हालांकि एक अन्य आरोपी की भी चर्चा हो रही है। जांच जारी है।