College admission eligibility Betul: अब आर्ट्स के छात्र भी ले सकेंगे बीएससी और बीकॉम में प्रवेश, 14 मई तक जेएच कॉलेज में होंगे इंटरव्यू
College admission eligibility Betul: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। हायर सेकेण्डरी परीक्षा पास कर कॉलेज में प्रवेश लेने वाले सभी विद्यार्थी अब यूजी में प्रवेश के दौरान अपना संकाय बदल सकते हैं। अभी तक यह सुविधा सिर्फ साइंस से पासआउट विद्यार्थी के पास थी, जो साइंस से पास होने के बाद भी बीए, बीकॉम में एडमिशन ले सकता था, लेकिन अब आर्ट से बारहवीं पास करने वाले विद्यार्थी भी बीएएससी, बीकॉम में प्रवेश ले सकते हैं।
इसके लिए उन्हें जिले के अग्रणी महाविद्यालय जेएच कॉलेज में प्रतिदिन हो रहे चलित साक्षात्कार (वॉक-इन-इंटरव्यू) में शामिल होना होगा, जहां विषय विशेषज्ञों द्वारा साक्षात्कार लेने के बाद योग्य पाए गए छात्र-छात्राओं को पात्रता प्रमाण-पत्र जारी किया जाएगा। इसके आधार पर विद्यार्थी संकाय बदल कर भी एडमिशन ले सकते हैं। यही प्रक्रिया स्नातकोत्तर में भी करके विद्यार्थी यूजी से पीजी में प्रवेश लेते समय मनचाहे सब्जेक्ट में एडमिशन ले सकते हैं। उक्त सुविधा मिलने से विद्यार्थी अब यूजी-पीजी में मनचाहे विषय या संकाय में प्रवेश ले सकेंगे।
अभी तक साइंस या कॉमर्स के विद्यार्थी कर सकते थे संकाय चेंज
जिले के अग्रणी महाविद्यालय पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस जेएच कॉलेज बैतूल की प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे ने बताया कि स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए अभी तक साइंस और कॉमर्स के विद्यार्थियों को ही पात्रता थी। कक्षा बारहवीं में साइंस से पास विद्यार्थी बीएससी, बीकॉम और बीए- तीनों संकाय में प्रवेश ले सकता था। वहीं कॉमर्स से पास विद्यार्थी बीकॉम के साथ ही बीए में भी एडमिशन ले सकता था, लेकिन आर्ट से बारहवीं पास करने वाले विद्यार्थी को सिर्फ बीए में ही एडमिशन की पात्रता थी। इसी प्रकार स्नातकोत्तर (पीजी) में प्रवेश के लिए विद्यार्थी यूजी के मेजर विषय में ही प्रवेश के लिए पात्र था।
इस साल बदली प्रक्रिया
प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग द्वारा साल २०२६-२७ के लिए 1 और २ मई से शुरू हो रही ऑनलाईन ई-प्रवेश प्रक्रिया में संकाय परिवर्तन करने की छू्रट दी गई है। इसके तहत विद्यार्थी को वॉक-इन-इंटरव्यू में शामिल होकर पात्रता प्रमाण पत्र हासिल करना होगा। विद्यार्थियों को पोर्टल पर ऑनलाइन प्रवेश हेतु आवेदन करते समय इस पात्रता प्रमाण पत्र को अपलोड करना अनिवार्य होगा। पात्रता प्रमाण पत्र हासिल कर यूजी में सभी विषयों के विद्यार्थी संकाय चेंज कर सकते हैं वहीं पीजी में भी मेजर-माइनर के अतिरिक्त अन्य विषयों में भी प्रवेश ले सकते हैं।
१४ मई तक प्रतिदिन होंगे इंटरव्यू
वॉक-इन-इंटरवयू के लिए उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जिले में एक मात्र सेंटर पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस जेएच शासकीय कॉलेज में बनाया गया है। कॉलेज प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे ने बताया कॉलेज में प्रतिदिन सुबह ११ बजे से दोपहर २ बजे तक वॉक-इन-इंटरव्यू लिया जाएगा। विद्यार्थी किसी भी दिन आकर इंटरव्यू में भाग ले सकता है। डॉ. चौबे ने बताया वॉक-इन-इंटरव्यू के लिए विषय विशेषज्ञों की टीम बना दी गई है। इसमें शामिल होने विद्यार्थी से किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। इच्छुक विद्यार्थी को आवेदन और अंक सूची के साथ नियत समय पर महाविद्यालय में उपस्थित होना पड़ेगा। इंटरव्यू में पात्र पाए जाने पर प्राचार्य द्वारा उसी दिन पात्रता प्रमाण पत्र दे दिया जाएगा।

Betul Rain News: बैतूल में रिमझिम से मिली राहत, अच्छी पैदावार के लिए अब तेज बारिश की आस
Shahpur Theft Case: पांच महीने बाद चोरी का खुलासा, नरसिंहपुर का आरोपी गिरफ्तार, साथी पर 10 हजार का इनाम
Betul Nagar Nigam: नगर निगम बनने की राह में अड़चन, 5 पंचायतों की असहमति के बाद प्रशासन सक्रिय