Betul Krishi Upaj Mandi: नीलामी बंद होने के बावजूद परिसर में डंप हैं हजारों बोरे, किसानों की बढ़ी परेशानी
Betul Krishi Upaj Mandi: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। कृषि उपज मंडी बैतूल में हम्मालों-तुलावटियों की मांग पर बुधवार को नीलामी कार्य बंद करने के मंडी प्रबंधन के निर्णय से बुधवार को मंडी में नीलामी कार्य बंद रहा। मंडी में हम्माल और तुलावटी भी आए, जिन्होंने मंगलवार को बची हुई उपज की तुलाई की। कुछ व्यापारियों ने अपने बोरे भी मंडी परिसर से उठवाए। इसके बावजूद परिसर में मक्का के साथ ही गेहूं के भी सैकड़ों बोरे डंप किए गए है। बुधवार को नीलामी नहीं होने से मंडी से सभी बोरे उठने की उम्मीद थी, लेकिन बुधवार शाम को भी मंडी परिसर में मक्का और गेहूं के लगभग दस हजार बोरे विभिन्न शेड और परिसर में रखे रहे। बुधवार को नीलामी बंद रखने की सूचना ग्रामीण अंचलों के किसानों को नहीं नहीं पहुंच पाने से बुधवार को कई किसान उपज लेकर मंडी पहुंच गए, जिन्हें अब गुरूवार तक का इंतजार करना होगा।
कृषि उपज मंडी में व्यापारियों के बोरे मंडी परिसर में ही डंप करने का सिलसिला फिर शुरू हो गया है। पिछले दिनों नवागत कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देश के बाद भारसाधक अधिकारी एवं बैतूल एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह द्वारा सख्त रवैये के बाद व्यापारियों ने मंडी परिसर से अपने बोरे उठवा लिए थे। उसके बाद ऐसा लग रहा था कि अब मंडी प्रबंधन मुस्तैद होकर व्यवस्था चाक चौबंद रखेगा और परिसर से व्यापारियों के बोरे समय सीमा में उठवा देगा। मंडी प्रबंधन ने जब बुधवार को मंडी में नीलामी बंद करने का एलान किया तब भी मंडी अधिकारियों का कहना था कि नीलामी बंद रहने से मंडी परिसर से व्यापारियों के बोरे उठवाए जाएंगे, लेकिन बुधवार शाम तक भी मंडी परिसर में व्यापारियों के दस हजार से अधिक बोरे रखे हुए थे। पहले मंडी में सिर्फ मक्का के ही बोरे डंप किए जा रहे थे, अब गेहूं की आवक बढ़ने पर गेहूं के बोरे भी मंडी परिसर में डंप हो रहे हैं। ऐसा लगने लगा है कि मंडी प्रबंधन पर निर्देशों का कोई असर नहीं हो रहा है। मंडी के अधिकारी निर्देशों को एक कान से सुनकर दूसरे से निकाल रहे हैं।
हम्माली ने मांगी छुट्टी फिर भी आए
मंडी प्रबंधन ने मंगलवार को एनाउंस करवाया कि हम्मालों और तुलावटियों द्वारा छुट्टी लेने के कारण नीलामी बंद रहेगी। बावजूद इसके बुधवार को मंडी परिसर में अधिकतर हम्माल आए थे। जिन्होंने मंगलवार खरीदी गई उपज की तुलाई की, वहीं व्यापारियों को बोरों का उठाव किया इसके बावजूद मंडी परिसर में दस हजार से अधिक बोरे रखे हुए हैं जिन पर नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई होना चाहिये, लेकिन नहीं की जा रही है।
एक दिन पहले दी मंडी बंद होने की सूचना
कृषि उपज मंडी प्रबंधन द्वारा बुधवार को मंडी में नीलामी कार्य बंद रखने में भी मंडी के भारसाधक अधिकारी के आदेशों की अवहेलना कर एक दिन पहले नीलामी बंद रखने की सूचना दी। जिससे ग्रामीण क्षेत्रों से कई किसान अपनी उपज लेकर पहुंच गए। मंडी के भारसाधक अधिकारी एवं बैतूल एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह ने २१ मार्च को मंडी परिसर में व्यापारियों और मंडी के अधिकारियों की बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए थे कि मंडी में नीलामी कार्य बंद करने की सूचना कम से कम तीन दिन पहले दी जाए, लेकिन मंडी सचिव द्वारा बुधवार को मंडी में नीलामी कार्य बंद रहने की सूचना मात्र एक दिन पहले मंगलवार को दी गई। इतना ही नहीं मंडी के भारसाधक अधिकारी की अनुमति लेना तो दूर उन्हें सूचना तक देना उचित नहीं समझा और मंडी में नीलामी कार्य बंद कर दिया। ग्रामीण क्षेत्रों के कई किसानों को नीलामी बंद होने की जानकारी नहीं मिल पाई और वे उपज लेकर मंडी आ गए जिन्हें गुरूवार तक इंतजार करना पड़ रहा है।

Betul Rain News: बैतूल में रिमझिम से मिली राहत, अच्छी पैदावार के लिए अब तेज बारिश की आस
Shahpur Theft Case: पांच महीने बाद चोरी का खुलासा, नरसिंहपुर का आरोपी गिरफ्तार, साथी पर 10 हजार का इनाम
Betul Nagar Nigam: नगर निगम बनने की राह में अड़चन, 5 पंचायतों की असहमति के बाद प्रशासन सक्रिय