Betul Wife Murder Case: घरेलू विवाद के चलते पत्नी की सिर पर पत्थर मारकर हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार
Betul Wife Murder Case: बैतूल जिले में एक सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए फरार आरोपी को पकड़ लिया है। पत्नी की हत्या के बाद से छिपे आरोपी को आखिरकार पुलिस ने हिरासत में लेकर पूरे मामले का खुलासा किया। शुरुआती जांच में सामने आया कि घरेलू विवाद ही इस वारदात की बड़ी वजह बना।
नदी के किनारे पड़ी थी चप्पल
19 अप्रैल 2026 को ग्राम गाडवा निवासी बिमला बाई चढ़ोकर ने थाना बैतूल बाजार में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी बाली बाई सुबह करीब 10 बजे ताप्ती नदी पर कपड़े धोने और नहाने के लिए गई थी। करीब एक घंटे बाद गांव के ही धनाराम बारस्कर ने फोन कर सूचना दी कि उसके खेत के पास नदी किनारे बाली की चप्पल और कपड़े रखे हैं, लेकिन वह दिखाई नहीं दे रही है।
तलाश करने पर नदी में मिली लाश
सूचना मिलने के बाद परिजन और गांव के लोग मौके पर पहुंचे और तलाश शुरू की। कुछ देर बाद बाली का शव नदी के पानी में मिला। जब शव को बाहर निकालकर देखा गया तो उसके सिर के पीछे करीब डेढ़ इंच लंबी चोट के निशान थे और खून बह रहा था। इस स्थिति को देखते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जताई।
परिजनों ने यह लगाया आरोप
बिमला बाई ने अपनी शिकायत में दामाद मोंगिया जावरकर पर हत्या का संदेह जताया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाना बैतूल बाजार में अपराध क्रमांक 123/26 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
घटना के बाद आरोपी फरार
मामले की जांच के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई, जिसमें स्पष्ट हुआ कि बाली बाई की मौत सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण हुई थी। इससे हत्या की पुष्टि हो गई। घटना के बाद आरोपी मोंगिया जावरकर फरार हो गया था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी।
घटनास्थल का निरीक्षण कर जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी तथा एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में टीम ने तेजी से काम किया। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए।
26 अप्रैल 2026 को पुलिस ने आरोपी को पकड़कर हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि घरेलू विवाद के चलते उसने अपनी पत्नी के सिर पर पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी थी।
आरोपी को लिया पुलिस रिमांड पर
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड लिया गया है। पुलिस अब उससे आगे की पूछताछ कर रही है ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं को भी स्पष्ट किया जा सके।
पुलिस टीम का योगदान और अपील
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अंजना धुर्वे, निरीक्षक आबिद अंसारी, उपनिरीक्षक संतोष सिंह नागवे सहित पूरी टीम की अहम भूमिका रही। बैतूल पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

निवाड़ी में विकास का नया अध्याय आरंभ हो रहा है: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
Stray Cattle on Roads: बैतूल की सड़कों पर मंडरा रहा बड़ा खतरा, राजगढ़ हादसे ने दी चेतावनी
Akhil Bharatiya Bhargava Sabha: देशभर के 120 प्रतिनिधियों ने बनाई रणनीति, जयपुर में होगा भार्गव सभा का वार्षिक अधिवेशन