Betul weather update: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। जिले में भीषण गर्मी अपना रौद्र रूप दिखा रही है और ऐसा लग रहा है कि सूरज ने जिले पर जैसे आंखें ही तरेर ली है। महज 24 घंटे के भीतर जिले के अधिकतम तापमान में डेढ़ डिग्री सेल्सियस का उछाल देखा गया और आज यह बढ़ कर 43 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी से लोगों के हाल बेहाल हो गए। 

पिछले कुछ दिनों से जिले का अधिकतम तापमान बेहद बढ़ा हुआ है। रविवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस था। कल के मुकाबले आज अधिकतम तापमान में डेढ़ डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। केवल दिन का ही नहीं बल्कि रात का तापमान भी बढ़ा है। शनिवार-रविवार की रात का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इससे पहले शुक्रवार-शनिवार की रात का न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस था। इसमें भी डेढ़ डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। 

चार दिनों से बेहाल कर रही गर्मी 

ऐसा नहीं है कि केवल आज ही इतनी भीषण तपन हो रही हो, बल्कि पिछले 4 दिनों से तपन बनी हुई है। 23 अप्रैल को अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस था वहीं 24 अप्रैल को 40.4 डिग्री सेल्सियस था। यही कारण है कि लोगों को लगातार भीषण गर्मी झेलना पड़ रहा है। ऐसा नहीं है कि केवल दिन में गर्मी परेशान कर रही है बल्कि रात में भी राहत नहीं मिल रही है। 21 अप्रैल से न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस से अधिक ही बना है। 23 अप्रैल को तो यह 25.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। 21 अप्रैल को 22.7, 22 अप्रैल को 22.5 और 24 अप्रैल को यह 22.7 डिग्री सेल्सियस रहा। 

दिन में सुनसान रही सड़कें-गलियां 

चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी से लोग हलाकान नजर आए। दिन में लोगों ने घरों से बाहर न निकलना ही बेहतर समझा। इससे मुख्य सड़कें हो या अंदरूनी गलियां, सभी सुनसान पड़ी रही। घर के भीतर भी लोगों को राहत नहीं मिल सकी। यहां तक कि लगातार चल रहे पंखे-कूलर भी फेल होते नजर आए और इनसे भी कोई खास राहत नहीं मिल सकी। आने वाले कुछ दिनों तक गर्मी के तेवर ऐसे ही बने रहने की संभावना है। अच्छी बात यह है कि फिलहाल मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों के लिए लू का अलर्ट जारी नहीं किया है।