Betul School Exam Results: 30 फीसदी से कम रिजल्ट वाले स्कूलों पर होगी कार्रवाई, शिक्षा विभाग ने तलब किया ब्यौरा
Betul School Exam Results: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा कक्षा 10वीं-12वीं का रिजल्ट हाल ही में घोषित किया गया है। रिजल्ट घोषित करने के बाद अब उन स्कूलों की खोज की जा रही है, जिनका परीक्षा में प्रदर्शन बेहद फिसड्डी रहा है। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा ऐसे स्कूलों की जानकारी तलब की है जिनका रिजल्ट 0 से 30 प्रतिशत तक है। यह जानकारी एकत्रित होने के बाद आला अफसर इसकी समीक्षा कर यह निर्णय लेंगे कि लचर परीक्षा परिणाम के लिए जिम्मेदार कौन-कौन हैं और उनके खिलाफ क्या कार्यवाही की जाए।
मंडल द्वारा हाल ही में 10वीं-12वीं कक्षा का रिजल्ट घोषित किया गया था। इसमें जिले का कक्षा 10वीं का रिजल्ट 79.71 प्रतिशत रहा था। पिछले साल 80.84 प्रतिशत रिजल्ट आया था। इस तरह पिछले साल यह 1.13 प्रतिशत कम था। जिले में 151 शासकीय हाईस्कूल और 138 हायर सेकेंडरी स्कूल हैं। जिले से 10वीं की परीक्षा में 16204 परीक्षार्थी शामिल हुए थे और 12916 उत्तीर्ण हुए थे। इसी तरह कक्षा 12वीं का रिजल्ट 74.01 प्रतिशत रहा था। पिछले साल 69.55 प्रतिशत रिजल्ट आया था, जो कि बीते साल से 4.46 प्रतिशत बेहतर है। रिजल्ट आने के बाद जिले के प्रशासनिक और विभागीय अधिकारी भी यह पड़ताल कर रहे हैं कि किन स्कूलों का रिजल्ट बेहतर रहा और किन स्कूलों का रिजल्ट बेहद दयनीय और लचर रहा है, ताकि उन स्कूलों में सुधार के लिए जरुरी कदम उठाए जा सके। इसी बीच मुख्यालय से भी जानकारी तलब कर ली गई है।
संचालनालय ने मांगी इनकी जानकारी
लोक शिक्षण संचालनालय ने भी उन स्कूलों की तलाश शुरू कर दी है जिनका कक्षा 10वीं-12वीं का रिजल्ट इस बेहद दयनीय रहा है। संचालनालय से भेजे गए पत्र में सभी जिलों से 10 दिन में ऐसे स्कूलों की पूरी जानकारी मांगी गई है, जिनका परीक्षा परिणाम 0 से 30 प्रतिशत तक रहा है। संचालनालय के फरमान के बाद जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने यह ऐसे स्कूलों की जानकारी जुटा ली है, जिनका रिजल्ट 30 प्रतिशत कम है।
हायर सेकेंडरी में इनका रिजल्ट कम
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जो जानकारी जुटाई गई है, उसमें कक्षा 12वीं में ऐसे 3 स्कूल शामिल हैं, जिनका रिजल्ट 30 प्रतिशत से कम है। इनमें शासकीय मॉडल स्कूल भीमपुर का 8.33 प्रतिशत, शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल कावला का 15.63 और शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक स्कूल भीमपुर का 21.88 प्रतिशत रहा। बीते साल इन तीनों स्कूलों का रिजल्ट क्रमश: 51, 68.63 और 44.67 प्रतिशत रहा था। इस वर्ष मॉडल भीमपुर में 36 में से 3, कावला में 64 में से 10 और कन्या भीमपुर में 128 में से मात्र 28 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं।
दसवीं कक्षा में इनका रिजल्ट दयनीय
इसी तरह कक्षा 10वीं में भी 3 स्कूलों का रिजल्ट बेहद दयनीय रहा है। इनमें शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल कावला का 15.63 प्रतिशत, शासकीय स्कूल ढोढरामऊ का 27.49 प्रतिशत और कन्या शाला भीमपुर का 29.03 प्रतिशत रहा है। बीते साल 2025 में इन स्कूलों का रिजल्ट क्रमश: 68.63, 46.43 और 50.98 प्रतिशत रहा था। इस साल कावला स्कूल में 64 में से 10, ढोढरामऊ में 58 में से 16 और कन्या भीमपुर में 93 में से मात्र 27 परीक्षार्थी ही उत्तीर्ण हो पाए हैं।
जवाबदेही तय कर होगी कार्यवाही
संचालनालय द्वारा जानकारी बुलाने के बाद यह समीक्षा की जाएगी कि इतना कम रिजल्ट क्यों आया है, इसके लिए कौन-कौन जिम्मेदार हैं। इसके बाद जो भी जिम्मेदार पाए जाएंगे, उनके खिलाफ संचालनालय स्तर से कार्यवाही की जाएगी। हालांकि इस वर्ष एसआईआर के कार्य में भी अधिकांश शिक्षक लंबे समय तक लगे रहे। जिसके चलते अध्यापन का कार्य प्रभावित हुआ। इससे यह संभावना भी जताई जा रही है कि इस साल कुछ रियायत भी मिल सकती है।

Farmer Murder Case: खेत के सामान के लिए किसान की बेरहमी से हत्या: पुलिस ने सुलझाई 'अंधे कत्ल' की गुत्थी, दो आरोपी गिरफ्तार
Betul Power Supply Restoration: आंधी के तांडव से अंधेरे में डूबे बैतूल को रोशन करने आधी रात तक 'जंग' लड़ती रहीं बिजली कंपनी की 13 टीमें
Betul Mandi: मंडी या व्यापारियों का डंपिंग यार्ड? अफसरों की सख्ती के बावजूद बोरों से अटे पड़े हैं शेड; नई व्यवस्था पर लापरवाही का ग्रहण
राशिफल 04 मई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
सुशासन तिहार में सुलझी किसान की समस्या
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप एवं सांसद संतोष पाण्डेय ने भोरमदेव मंदिर में की पूजा-अर्चना