Betul Chaupati Traffic Jam: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। नेहरू पार्क के साइड में स्थित चौपाटी के सामने वाली सड़क पर चौपहिया वाहनों का प्रवेश रोकने लगाए गए बैरिकेड्स को हटाकर चौपहिया वाहन चालकों द्वारा सकरी सड़क में प्रवेश लिया जा रहा है। जिससे चौपाटी के सामने लगातार जाम लग रहा है। यातायात पुलिस भी एक बार बैरिकेड लगाकर भूल गई है। चौपहिया वाहन चालकों ने चौपाटी के दोनों साइड के बैरिकेड्स हटा दिए हैं, जिससे चौपहिया वाहन आसानी से निकल रहे हैं। 

शहर के पुलिस ग्राउंड और नेहरू पार्क के बीच नगर पालिका द्वारा चौपाटी के दुकानदारों के लिए टीन शेड की स्थाई दुकानें बनाई जा रही है। पहले पुलिस ग्राउंड के साइड में टीन शेड बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही ड्रेनेज के लिए पाइप लाइन भी डाली जा रही है। निर्माण कार्य के चलते इस साइड दुकानें लगाने वाले व्यापारियों की दुकानें हाल ही में बनी व्हाइट टॉपिंग सड़क पर शिफ्ट कर दी गई है। आधी सड़क तक दुकानें मौजूद होने से यहां आने-जाने के लिए काफी सकरी जगह बची है। दो पहिया वाहन तो आसानी से निकल जाते हैं, लेकिन चौपहिया वाहनों के आने से जाम की स्थिति बन जाती है।

चौपाटी में सकरी सड़क के चलते पिछले दिनों यातायात पुलिस द्वारा चौपाटी मार्ग के दोनों ओर बैरिकेड्स लगाकर चौपहिया वाहनों के आने-जाने पर रोक लगा दी गई थी। यहां सिर्फ दो पहिया वाहनों और पैदल आने-जाने लायक जगह छोड़ी गई थी। चौपहिया वाहनों से चौपाटी आने वाले नागरिकों के वाहन चौपाटी के बाहर बैरिकेड्स के सामने पार्क करवाए जा रहे थे।

वहीं इस सड़क से सीधे निकलने वाले वाहनों को कारगिल चौक होते हुए भेजा जा रहा था। लेकिन, चौपाटी आने वाले कुछ चौपहिया वाहन चालकों ने दोनों साइड से बैरिकेड्स हटा दिए और चौपाटी मार्ग से चौपहिया वाहन निकालने लगे हैं। इन वाहन चालकों द्वारा चौपाटी के बीच में भी वाहन खड़े किए जा रहे हैं, जिससे चौपाटी सड़क पर बार-बार जाम लग रहा है। चौपाटी के दुकानदारों ने निर्माण कार्य पूर्ण होने तक चौपाटी में चौपहिया वाहनों की एंट्री पूरी तरह रोकने की मांग यातायात पुलिस से की है।