पारिवारिक विवाद ने लिया खौफनाक रूप, भाई की कर दी हत्या
महासमुंद: जमीनी विवाद में खूनी खेल, भाई ने भाई को मारकर गोदाम में जलाया
महासमुंद| जिले के बागबाहरा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम आमगांव में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक भाई ने दूसरे भाई के खून से अपने हाथ रंग लिए। पुलिस जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे रोंगटे खड़े कर देने वाले हैं। आरोपी ने हत्या के बाद अपराध को छिपाने के लिए फिल्मी अंदाज में शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की।
विवाद की जड़: 12 एकड़ पैतृक जमीन
पुलिस के अनुसार, आमगांव के निवासी दो सगे भाइयों— कृष्णकांत दुबे (बड़ा भाई) और दौलत दुबे (छोटा भाई) के बीच पिछले काफी समय से पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर अनबन चल रही थी। विवाद का मुख्य केंद्र 12 एकड़ की वह जमीन थी, जिस पर दोनों भाई अपना-अपना हक जता रहे थे।
वारदात का घटनाक्रम: मारपीट से हत्याकांड तक
घटना के दिन बड़ा भाई कृष्णकांत दुबे अपनी प्रेमिका मालती साहू के साथ गांव पहुंचा था। उसने अपनी मां तीरथ दुबे से मुलाकात की और अपने हिस्से की 12 एकड़ जमीन तुरंत अलग करने की मांग की। इसी दौरान छोटा भाई दौलत दुबे भी वहां पहुँच गया। देखते ही देखते बातचीत गाली-गलौज में बदल गई।
-
मां के साथ मारपीट: जब दोनों भाइयों के बीच विवाद हिंसक होने लगा, तो मां तीरथ दुबे ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान बड़े भाई कृष्णकांत ने अपनी ही मां के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट कर दी।
-
खूनी हमला: मां के साथ हुई बदसलूकी और जमीन के पुराने विवाद से आक्रोशित होकर छोटे भाई दौलत ने आपा खो दिया। उसने घर में रखे एक धारदार हथियार से कृष्णकांत पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वार इतना घातक था कि कृष्णकांत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
साक्ष्य मिटाने के लिए शव को फूंका
हत्या करने के बाद आरोपी दौलत दुबे घबरा गया और उसने अपराध को छिपाने की योजना बनाई। वह भाई के शव को घसीटते हुए पास के एक गोदाम में ले गया। वहां उसने लकड़ियों और अन्य ज्वलनशील पदार्थों की मदद से भाई की लाश को आग लगा दी ताकि पहचान मिटाई जा सके और पुलिस को गुमराह किया जा सके।
खुद ही किया पुलिस को फोन
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब हत्या और शव को जलाने के कुछ घंटों बाद आरोपी दौलत दुबे ने खुद ही 112 (आपातकालीन सेवा) पर कॉल किया। उसने पुलिस को घटना की सूचना दी, जिसके बाद बागबाहरा थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर सबसे पहले गोदाम में लगी आग को बुझाया, लेकिन तब तक शव काफी हद तक जल चुका था। पुलिस ने अधजले शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं।

Betul Air Force Candidate Death: एयरफोर्स ज्वाइनिंग से एक दिन पहले युवक की मौत, कुएं में मिला शव, सड़क पर उतरे ग्रामीण
Madhya Pradesh Bus Strike: 7 अगस्त तक सरकार को अल्टीमेटम, नहीं मानी मांगें तो थम जाएंगे बसों के पहिए