Anti-Encroachment Drive Betul: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। शहर से लेकर गांवों तक पसरे अतिक्रमण को लेकर अब प्रशासन बेहद सख्त हो गया है। यही कारण है कि अब शहरी क्षेत्र में ही नहीं बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई निरंतर होगी। इसके लिए बैतूल एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह ने दलों का गठन कर आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। इधर बैतूल शहर के सदर क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस विभाग ने मोर्चा संभाला और दुकानदारों को सड़क से दुकानें हटाने की सख्त चेतावनी दी। 

अतिक्रमण की समस्या जिले की सबसे महत्वपूर्ण समस्या है। जिला मुख्यालय हो या जिले के अन्य नगर या फिर ग्रामीण क्षेत्र, सभी दूर अतिक्रमण पसरा हुआ है। शहरों में बाजारों से लेकर बस्तियों की गलियों तक में अतिक्रमण देखा जा सकता है। स्थिति यह है कि एंबुलेंस, पुलिस वाहन और फायर ब्रिगेड जैसे आपातकालीन वाहन तक जरुरत पड़ने पर मौके तक नहीं पहुंच पाते हैं। इसी के चलते जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए थे। इसी तारतम्य में नगर पालिका द्वारा लगातार शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। 

पुलिस ने सदर बाजार में संभाला मोर्चा

इस बीच गुरुवार को पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और सदर बाजार में दुकानदारों को चेतावनी दी। एसडीओपी सुनील लाटा के नेतृत्व में गंज पुलिस थाना का बल आज सदर पहुंचा और वहां सड़क के दोनों ओर और बीच सड़क में फल और सब्जियों की दुकानें लगाने वाले दुकानदारों को सख्त हिदायत दी। पुलिस ने उनकी दुकानें सड़क के बिल्कुल बाहर तक पीछे करवाई। साथ ही चेतावनी भी दी कि दोबारा सड़क पर दुकान लगाने पर दुकान नपा अमले से जब्त करवा दी जाएगी। एसडीओपी श्री लाटा ने सख्त हिदायत दी कि सड़क बिल्कुल न घेरें ताकि आपातकालीन वाहन बगैर रूके निकल सके। 

एसडीएम बैतूल ने बनाए संयुक्त दल 

इधर एसडीएम डॉ. सिंह ने बैतूल अनुभाग के शहरी और शहर से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में हो रहे अतिक्रमण एवं अतिक्रमण से होने वाली समस्याओं व बाधाओं को हटाने के लिए राजस्व, नगर पालिका, जनपद व पुलिस विभाग के संयुक्त दल गठित किए हैं। यह दल तहसीलदार, सीएमओ, जनपद सीईओ और थाना प्रभारियों की निगरानी में कार्य करेंगे। 

हर सप्ताह 2 बार ली जाएगी जानकारी

इन दलों को निर्देशित किया गया है यह दल बैतूल और चिचोली शहर तथा शहरी क्षेत्र से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित पटवारी एवं सचिव या रोजगार सहायक को साथ लेते हुए प्रति सप्ताह कम से कम दो बार क्षेत्रवार अतिक्रामकों की जानकारी प्राप्त करेंगे और एसडीएम से चर्चा उपरांत विधिवत प्रक्रिया का पालन करेंगे। दल द्वारा अतिक्रामकों को सूचित कर अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के संज्ञान में लाकर अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई करेंगे। 

बैतूल क्षेत्र के लिए बने दल में यह शामिल

बैतूल क्षेत्र के लिए गठित दल में राजस्व विभाग से राजस्व निरीक्षक बीआर पोटफोड़े, राजेश धाड़से, सुखराम सिरसाम, हेमंत चिल्हाटे, जितेंद्र पंवार, उमेश गीद, धनराज झल्लारे, भगवानदास आर्मो, यशवंत वटके, संतोष ठाकुर, पटवारी धर्मेंद्र पवार, गोपाल महस्की, महेश उइके, योगेश झरबड़े, नगर पालिका से राजस्व निरीक्षक ब्रजगोपाल परते, उप निरीक्षक अखिल राय, उपयंत्री राहुल शर्मा, जनपद पंचायत बैतूल से उपयंत्री संतोष कुमार डहेरिया, शरद कोडले, कमलेश साहू, प्रतीक विश्वकर्मा और सहायक उपयंत्री रमेश बेले शामिल हैं। इनके अलावा पुलिस विभाग से संबंधित क्षेत्र के सहायक उप निरीक्षक एवं आवश्यक महिला-पुरूष पुलिस बल भी दल का हिस्सा होंगे। इसके अलावा नगर परिषद बैतूल बाजार से सहायक राजस्व निरीक्षक रमेश गायकवाड़, मयंक राठौर और उप पर्यवेक्षक हेमंत महाले को शामिल किया गया है। 

चिचोली क्षेत्र के लिए यह दल किया गठित 

एसडीएम डॉ. सिंह द्वारा चिचोली क्षेत्र के लिए भी संयुक्त दल गठित किया गया है। इस दल में राजस्व विभाग चिचोली से राजस्व निरीक्षक राजू लोखंडे, राहुल इवने, पटवारी मौर्यध्वज टिकमे, कैलाश मालवी, सोनू चंदेल, नेपाल मानकर, नगर परिषद चिचोली से उपयंत्री नगेंद्र वागद्रे व राजस्व निरीक्षक हेमेंद्र धुर्वे, जनपद पंचायत चिचोली से उपयंत्री रिचा पटेल व राकेश चक्रवती को शामिल किया गया है। इसी तरह पुलिस विभाग से संबंधित क्षेत्र के सहायक उप निरीक्षक एवं जरुरत के अनुसार महिला-पुरूष पुलिस बल दल का हिस्सा रहेगा।