Betul Road Construction: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)।  शहर में कारगिल चौक से गाड़ाघाट टिकारी होते हुए टिकारी नाका तक बन रही टू लेन सड़क पीडब्ल्यूडी की लापरवाही की भेंट चढ़ रही है। पीडब्ल्यूडी द्वारा सड़क का एस्टीमेट बनाने के दौरान सड़क किनारे लगे बिजली के पोल और ट्रांसफार्मर हटाने का सही आकलन नहीं करने से पोल शिफ्टिंग का काम ही शुरू नहीं हो पाया है। सड़क निर्माण कर रहे ठेकेदार द्वारा टिकारी नाका से गाड़ाघाट की ओर बनाई गई लगभग 300 मीटर टू लेन सड़क में बिजली के पोल और ट्रांसफार्मर सड़क पर आने के बावजूद पोल की जगह छोड़कर सड़क निर्माण कर दिया है। स्थानीय नागरिकों की आपत्ति के बाद पिछले लगभग 2 माह से सड़क का निर्माण कार्य ही बंद है। जिससे स्थानीय रहवासियों के साथ ही वाहन चालकों को बेहद परेशानी उठानी पड़ रही है। 

पीडब्ल्यूडी द्वारा शहर के कारगिल चौक से अखाड़ा चौक टिकारी होते हुए टिकारी नाका तक लगभग साढ़े 7 करोड़ रुपये की लागत से 2.7 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जा रही है। 7.5 मीटर चौड़ाई वाली इस टू-लेन सड़क में लगभग 2.5 किलोमीटर सीमेंट कांक्रीट सड़क और लगभग 200 मीटर डामर सड़क बनना है। पिछले वर्ष तत्कालीन कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी के निर्देश पर सितंबर माह में कारगिल चौक से लिंक रोड पर जोर-शोर से अतिक्रमण भी हटाया गया था। टेंडर होने के बाद लग रहा था कि शहर की अति व्यस्त सउ़क होने से इसका निर्माण निर्धारित समय में पूरा हो जाएगा। जनवरी माह में टिकारी नाका से अखाड़ा चौक की ओर सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। 

पोल शिफ्टिंग का बनाया गलत एस्टीमेट

इस सड़क के किनारे बिजली के 99 पोल और लगभग आधा दर्जन ट्रांसफार्मर हैं। जिन्हें हटाने लगभग 1.50 करोड़ रुपये का संभावित खर्च है। पीडब्ल्यूडी द्वारा पोल और ट्रांसफार्मर हटाने लगभग 90 लाख रुपये का ही एस्टीमेट बनाया गया था। उसका भी टेंडर अभी हुआ है। ठेकेदार द्वारा काम शुरू नहीं किया गया है। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार अब जो पोल सड़क में आ रहे हैं, उन्हें चिन्हित कर हटाया जाएगा। वहीं जो पोल सड़क किनारे पटरी पर आएंगे, उन्हें यथावत रखा जाएगा। 

सड़क के बीच आए बिजली के पोल

इस सड़क निर्माण का ठेका भोपाल के ठेकेदार कपिल शर्मा को मिला है। उनके द्वारा टिकारी नाका से टिकारी की ओर सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। लगभग 300 मीटर सड़क निर्माण में बिजली के 3-4 पोल और एक ट्रांसफार्मर सड़क के बीच आ रहा था। ठेकेदार द्वारा पोल के आसपास लगभग 4-4 फीट तक सड़क निर्माण किया गया है। ट्रांसफार्मर के पास भी लगभग 10 फीट जगह छोड़ दी गई है। वर्तमान में बिजली के पोल के बाद लगभग 4 फीट सड़क निर्माण होना है। वहीं उसके बाद 5 फीट शोल्डर पटरी बनी है। नियमानुसार बिजली के पोल सड़क तो दूर शोल्डर पटरी में भी नहीं लगाए जा सकते हैं, लेकिन गाड़ाघाट सड़क में बिजली के पोल सड़क के बीच लगे हुए हैं। स्थानीय नागरिकों द्वारा विरोध करने के बाद फिलहाल सड़क निर्माण कार्य रोक दिया गया है, लेकिन अभी पोल हटाने की संभावना नजर नहीं आ रही है। जिससे स्थानीय नागरिकों के साथ ही इस सड़क से गुजरने वाले वाहन चालक परेशान हो रहे हैं। वहीं बिजली के पोल से टकराने की संभावना भी बनी हुई है।