Crime News Today: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। युवाओं को नौकरी दिलाने के बहाने उनके साथ ठगी करने वाले एक इनामी ठग को बीजादेही पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह इनामी ठग एक शादी में शामिल होने आया था। इसी दौरान सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे दबोच लिया। 

पुलिस ने बताया कि थाना बीजादेही में 14 फरवरी 2025 को फरियादी सुनील पिता सुशील यादव उम्र 32 वर्ष निवासी बीजादेही द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि आरोपी राजेश पिता रामगोपाल यादव उम्र 36 वर्ष निवासी ग्राम धामत्या हाल दानिश कुंज, कोलार रोड, भोपाल द्वारा अपने सहयोगियों अमित देशमुख एवं हरीश पालीवाल के साथ मिलकर सीधी भर्ती सहायक ग्रेड-2 एवं ग्रेड-3 के पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर ठगी की गई।

तीन हजार रुपये का इनाम घोषित 

रिपोर्ट पर थाना बीजादेही में अपराध क्रमांक 18/25 धारा 420, 467, 468, 471, 120-बी, 34 भादंवि के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना के बाद से आरोपी राजेश यादव फरार चल रहा था। जिस पर पुलिस अधीक्षक बैतूल द्वारा 3000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

लगातार बदल रहा था अपने ठिकाने 

आरोपी शातिर प्रवृत्ति का होकर लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता फिर रहा था। पुलिस द्वारा उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी एवं मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया था।

सिल्लौट आया था शादी में शामिल होने 

इसी दौरान 22 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी ग्राम सिल्लौट पाढर में एक शादी समारोह में आने वाला है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक रामकुमार मीणा, एएसआई जीपी बिल्लौरे एवं टीम द्वारा घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, जिसे तत्परता से पकड़ लिया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय बैतूल के समक्ष पेश किया जा रहा है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका 

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बीजादेही रामकुमार मीणा, एएसआई जीपी बिल्लौरे, आरक्षक मनीराम और मिथिलेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।