Instagram Job Scam: इंस्टाग्राम जॉब विज्ञापन का झांसा: एयरपोर्ट नौकरी के नाम पर युवक से 1.61 लाख की साइबर ठगी
Instagram Job Scam: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। साइबर ठगों के द्वारा लगातार नए-नए तरीकों से लोगों की मेहनत की कमाई लूटी जा रही है। वे ऐसे-ऐसे तरीके लाते हैं कि तमाम सावधानी बरतने के बावजूद लोग इनके झांसे में आ ही जाते हैं। ऐसे ही एक मामले में एक युवक इंस्टाग्राम पर नौकरी के एक विज्ञापन के झांसे में आ गया और उसे 1 लाख, 61 हजार, 409 रुपये की चपत लग गई। शिकायत पर पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि थाना बैतूल कोतवाली में फरियादी मनोहर सिंह सोलंकी निवासी टिकारी, बैतूल द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि इंस्टाग्राम पर एयरपोर्ट ग्राउंड स्टाफ भर्ती के नाम पर उनके साथ 1 लाख, 61 हजार, 409 रुपये की ऑनलाइन ठगी हुई है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर उक्त भर्ती संबंधी विज्ञापन देखा। विज्ञापन में दिए गए लिंक और नंबर पर संपर्क कर नौकरी के संबंध में जानकारी चाही।
दो अलग-अलग नंबरों से आए कॉल
इसके बाद दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से आरोपियों द्वारा फरियादी को कॉल कर विश्वास में लिया गया। आरोपियों ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर विभिन्न मदों में राशि की मांग की, जैसे फॉर्म फीस, प्रोसेसिंग फीस, साक्षात्कार शुल्क, सैलरी अकाउंट ओपनिंग, मेडिकल फीस, पुलिस वेरिफिकेशन आदि।
15 बार में डलवाई गई राशि ट्रांसफर
फरियादी के अनुसार लगभग 15 बार में छोटी-छोटी राशि क्यूआर कोड के माध्यम से कुल 161409 रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर करवाए गए। लगातार पैसे मांगने व कोई नियुक्ति पत्र या कॉल लेटर न मिलने पर फरियादी को संदेह हुआ। फरियादी द्वारा और राशि देने से मना कर जमा राशि वापस मांगी गई। आरोपियों द्वारा राशि वापस न कर संपर्क बंद कर दिया गया व पूरी राशि का गबन कर लिया।
प्रकरण दर्ज कर जांच की गई शुरू
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं एवं आईटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। प्रकरण विवेचना में लिया गया है। जिन मोबाइल नंबरों से कॉल आए व जिन खातों व क्यूआर कोड में राशि ट्रांसफर हुई है, उनकी जानकारी साइबर सेल को भेजी गई है। आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी हेतु तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।

Betul Arson Case: सीसीटीवी ने खोला आगजनी का राज, दो महीने बाद पुलिस ने दबोचे आरोपी
जौहर यूनिवर्सिटी पर फिलहाल नहीं चलेगा बुलडोजर, DM के आदेश पर लगी रोक
पेपर लीक मुद्दे पर पिघली बर्फ, सरकार और विपक्ष में बनी सहमति; कल सदन में हो सकती है चर्चा
'पंजाब को शिक्षा में नंबर 1 बनाया', केजरीवाल का भाजपा पर तीखा हमला, पेपर लीक पर भी दिया जवाब