Hemant Khandelwal Help: बैतूल। अक्सर कहा जाता है कि फूलों की खुशबू उस दिशा में बहती है जिस दिशा में हवाओं का रूख होता है। लेकिन नेकी की खुशबू चारों दिशा में बहती है लेकिन उसे किसी हवा की आवश्यकता नहीं होती है। यह बात बैतूल के विधायक और भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल पर सौ फीसद चरितार्थ होती है क्योंकि गरीब, बेसहारा, दिव्यांग सहित दिवंगतों की मदद करने में कभी वह ना तो पीछे रहते हैं और ना ही खर्च का हिसाब करते हैं। जो भी उनके दरवाजे पर इनके काम लेकर आएगा मुझे अच्छे से याद है कि आज तक वह खाली हाथ नहीं लौटा। ताजा मामले में श्री खण्डेलवाल ने युवक के शव को एम्बुलेंस के माध्यम से बैतूल से नेपाल पहुंचाने की व्यवस्था की है। इतना ही नहीं एम्बुलेंस का पूरा खर्च भी श्री खण्डेलवाल ने ही हमेशा की तरह वहन किया है जो कि उनके ऊंचे व्यक्तित्व को बयां करता है। 

पहली बार दूसरे देश पहुंची पार्थिवदेह 

उल्लेखनीय है कि हेमंत खण्डेलवाल, विजय सेवा न्यास के माध्यम से पूरे जिले में पार्थिवदेह को उनके घर तक पहुंचाने के लिए बीते कई वर्षों से शांति वाहन का संचालन कर रहे हैं। जिसमें पार्थिवदेह को नि:शुल्क पहुंचाने की सुविधा जिले के लोगों को मिल रही है। संभवत: यह पहला मामला है जब किसी दूसरे देश में पार्थिवदेह भिजवाने के लिए हेमंत खण्डेलवाल ने पूरी व्यवस्था की है। उनके इस नेक कार्य की जितनी भी सराहना की जाए वह कम ही रहेगी। 

ट्रेन से गिरने से हुई थी युवक की मौत

प्राप्त जानकारी के अनुंसार नेपाल के कंचनपुर जिला, नगर पालिका भीमदत्त निवासी रमेश दमाई (29) पिता हंसराम दमाई की 16 अप्रैल को सुबह करीब 11 बजे गंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजपुर मलकापुर के पास चलती ट्रेन से गिरने के कारण मौत हो गई थी। रमेश अपनी दो भतीजियों और उनकी माताजी और माता मधू दमाई  के साथ दिल्ली से चेन्नई की यात्रा कर रहा था, तभी अचानक पैर फिसलने से वह ट्रेन से नीचे गिर गया और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। राष्ट्रीय हिन्दू सेना ने रमेश का अंतिम संस्कार हिंदू रीति रिवाजों से बैतूल में ही करने की बात कही लेकिन मृतक की माता बेटे के शव को नेपाल ले जाना चाहती थी और इसमें आर्थिक परेशानी सामने आ रही थी। 

माँ की इच्छा पूरी करने आगे आए हेमंत 

बेटे रमेश की मौत के बाद उनकी माँ मधू दमाई की इच्छा थी कि बेटे के शव का परिजनों, रिश्तेदारों के साथ नेपाल में अंतिम संस्कार किया जाए। इस इच्छा को पूरी करने के लिए राष्ट्रीय हिंदू सेना के प्रदेशाध्यक्ष दीपक मालवीय ने भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल से संपर्क किया तो श्री खण्डेलवाल हमेशा की तरह ना सिर्फ सहज तैयार हो गए बल्कि उन्होंने एम्बुलेंस का खर्च उठाते हुए 1800 किमी. नेपाल तक शव को सुरक्षित रूप से ले जाने की व्यवस्था करते हुए माँ की इच्छा भी पूर्ण की। शनिवार शाम को शव लेकर एम्बुलेंस नेपाल के लिए रवाना हो गई।