Betul Ganj Underbridge Traffic Issue: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। शहर के गंज क्षेत्र में विजय भवन के पास रेलवे द्वारा करवाया जा रहा अण्डरब्रिज विस्तार कार्य अधूरा होने से २१ अप्रैल तक आंशिक यातायात के लिए शुरू नहीं हो पाएगा। अंडरब्रिज का विस्तार कार्य कर रही केईसी कंपनी द्वारा कुछ रुपए बचाने के लिए ४५ दिन आवागमन बंद करवा दिया गया। अभी तक अण्डरब्रिज के दोनों साइड की दीवारें ही बन पाई हैं, अभी भी लेंटर होना बाकी है। ऐसे में २१ अप्रैल से अंडर ब्रिज से आंशिक रूप से यातायात शुरू होना मुश्किल ही नहीं, नामुमकिन नजर आ रहा है। इसके चलते सदर ओवर ब्रिज पर हालत बेकाबू हो सकते हैं।

शहर के गंज क्षेत्र में स्थित रेलवे अंडर ब्रिज का विस्तार तीसरी लाइन के लिए किया जा रहा है। अण्डर ब्रिज विस्तार कर रही केईसी कंपनी द्वारा ३ अप्रैल से १८ मई तक अंडर ब्रिज से सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई थी। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद कंपनी द्वारा २१ अप्रैल से अंडर ब्रिज से आंशिक आवागमन शुरू कर दोपहिया-चौपहिया वाहनों की आवाजाही शुरू करने का दावा किया गया था। वर्तमान में अण्डरब्रिज में दोनों साइड की दीवार ही बन पाई है। लेंटर के लिए सेंट्रिंग लगाई जा रही है। २१ अप्रैल को सिर्फ तीन दिन का समय बचा है ऐसे में यहां लेंटर होना ही मुश्किल नजर आ रहा है। जिससे २१ अप्रैल से आंशिक आवागमन शुरू होना मुश्किल नजर आ रहा है। 

ओवर ब्रिज पर बेकाबू होंगे हालात

गंज अंडर ब्रिज से आवागमन पूरी तरह बंद होने से ओवर ब्रिज पर प्रतिदिन ही जाम की स्थिति बन रही है। यहां से भारी लगेज वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद होने से सदर ओवर ब्रिज पर वाहनों की लंबी कतार लग रही है, वहीं वाहन रेंगते हुए चल रहे हैं। २० अप्रैल को अक्षय तृतीया है। वहीं वैवाहिक सीजन भी शुरू हो गया है, जिससे वाहनों की आवाजाही बढ़ जाएगी। यदि अण्डर ब्रिज से शीघ्र ही दोपहिया और चौपहिया वाहनों का आवागमन शुरू नहीं हुआ तो वैवाहिक सीजन शुरू होने के साथ ही ओवर ब्रिज पर हालात बेकाबू हो जाएंगे।