Betul Electricity Poles Installation: बैतूल के वार्डों में लगेंगे नए बिजली पोल, 1.25 करोड़ से बदलेगी स्ट्रीट लाइट व्यवस्था
Betul Electricity Poles Installation: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। शहर के विभिन्न वार्डों में लंबे समय से बिजली के पोल लगाए जाने की मांग हो रही है। लोगों और पार्षदों की यह मांग अब जल्द पूरी होने वाली है। नगर पालिका द्वारा वार्डों में बिजली लाइन के विस्तार और पोल लगाने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नगर पालिका के प्रस्ताव के बाद बिजली कंपनी ने संयुक्त सर्वे के बाद एस्टीमेट भी बना लिया है। इस कार्य पर करीब सवा करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस कार्य के लिए राशि उपलब्ध कराने में विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं।
शहर का विस्तार लगातार होता रहता है। बैतूल शहर भी इसका अपवाद नहीं है। शहर में हर साल करीब नए 500 मकान बन जाते हैं। इनमें से अधिकांश मकान ऐसे होते हैं जो कि किसी पूर्णत: विकसित कॉलोनी में नहीं होते हैं। ऐसे में इन क्षेत्रों में बिजली, सड़क और नाली जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं होती है। सड़क और नाली आदि की व्यवस्था तो नगर पालिका कर देती है, लेकिन बिजली के पोल लगाने में अधिक खर्च आने से यह काम लंबे समय तक अटका रहता है। बैतूल शहर के भी विभिन्न वार्डों में कई क्षेत्र ऐसे हैं जहां पर सालों पहले से बस्ती बस जाने के बावजूद अभी तक स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं हो पाई है। ऐसे में उन इलाकों के लोग और पार्षद लगातार यह मांग उठाते आ रहे हैं। अब उनकी यह मांग पूरी होने वाली है।
पार्षदों से मांगे गए थे प्रस्ताव
लोगों की जरुरत और मांग को देखते हुए नगर पालिका द्वारा पार्षदों से बिजली पोल लगाने के लिए प्रस्ताव मांगे थे। इस पर पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की जरुरत बताई थी। इसके बाद नगर पालिका ने बिजली कंपनी को इसका एस्टीमेट बनाने को कहा था। संयुक्त सर्वे करने के बाद बिजली कंपनी ने एस्टीमेट बना लिया है। अभी 14 वार्डों के लिए 85 लाख, 20 हजार रुपये का एस्टीमेट बनाकर दिया है। इसके अलावा मोती, प्रताप, विनोबा, टैगोर वार्ड सहित अन्य कुछ वार्डों का एस्टीमेट बन रहा है। इस पूरे काम पर लगभग 1.25 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
सबसे ज्यादा खर्च अंबेडकर वार्ड में
अभी जो एस्टीमेट बना है, उसके अनुसार लाइन विस्तार और पोल लगाने के सबसे ज्यादा 27 लाख रुपये के कार्य अंबेडकर वार्ड में होंगे। इसके अलावा पटेल वार्ड में 15 लाख, महावीर वार्ड में 13 लाख, चंद्रशेखर वार्ड में 10 लाख रुपये, शिवाजी वार्ड में 2 लाख, जवाहर वार्ड में 1 लाख, अर्जुन वार्ड में 1.25 लाख, गणेश वार्ड में 20 हजार, जयप्रकाश वार्ड में 1.25 लाख, कृष्णपुरा और देशबंधु वार्ड में 2.50-2.50 लाख, इंदिरा वार्ड में 5 लाख और भगतसिंह वार्ड में 1 लाख रुपये के कार्य कराए जाएंगे।
खनिज मद से दिलाएंगे 30 लाख
शहरवासियों की जरुरतों को देखते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक हेमंत खंडेलवाल भी इस कार्य को जल्द से जल्द करवाना चाहते हैं। उन्होंने नगर पालिका अधिकारियों को आश्वासन दिया है कि इस कार्य के लिए विभिन्न स्रोतों से राशि उपलब्ध कराई जाएगी। अभी 30 लाख रुपये की राशि खनिज मद से दिलवाई जाएगी। इसके बाद शेष राशि की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि यह कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जा सके और शहरवासियों की मांग पूरी की जा सके।
पोल लगने से लोगों को होगी सुविधा
बिजली लाइन का विस्तार होने और पोल लगने से स्ट्रीट लाइट लग जाने से लोगों को खासी सुविधा होगी। अभी स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण रात होते ही पूरे इलाके में अंधेरा पसर जाता है। इससे आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है। चोरी जैसी घटनाएं भी आए दिन होती रहती है। इससे लोग दहशत में रहते हैं। स्ट्रीट लाइट लग जाने से लोगों की यह सभी समस्याएं भी समाप्त हो जाएंगी।

राजभवन पहुंचे विजय, 112 विधायकों के समर्थन का दावा
सरकार ने 51 डॉक्टरों को बर्खास्त कर भेजा सख्त संदेश
फिल्म ‘दादी की शादी’ को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज
सुप्रीम कोर्ट ने कहा—यह मामला सबरीमाला से भी अधिक अहम
IPL फैसले पर बवाल: बेंगलुरु को फाइनल और प्लेऑफ से बाहर किए जाने पर प्रतिक्रिया