Betul Water Supply: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। शहरवासियों को पर्याप्त पानी मुहैया कराया जा सके, इसके लिए नगर पालिका रात-दिन पानी की व्यवस्था में लगी है। नपा ने पानी की कमी से अभी तक व्यवस्था नहीं बिगड़ने दी है, लेकिन बिजली कंपनी की लापरवाही से जरुर व्यवस्था बिगड़ सकती है। बिजली कंपनी के अफसरों की लापरवाही का आलम यह है कि लगातार शिकायतों के बावजूद वे 33 केवी लाइन का फाल्ट नहीं सुधारा जा रहा है। इससे शहर की जलप्रदाय व्यवस्था लड़खड़ाने की कगार पर पहुंच गई है। 

गौरतलब है कि बिजली कंपनी की शहर में सबसे बड़ी उपभोक्ता नगर पालिका है जो कि प्रतिमाह लाखों रुपए का बिजली बिल भुगतान करती है। इसके बावजूद नगर पालिका की शिकायतों का कई-कई दिनों तक निराकरण नहीं किया जा रहा है।  फिल्टर प्लांट पर लगी मोटरें लो वोल्टेज की वजह से उठ नहीं पा रही है और मोटर और स्टार्टर जलने का खतरा मंडराने लगा है। 

बिजली कंपनी किस बात का ले रही बिल

नगर पालिका बैतूल क्षेत्र के विवेकानंद वार्ड स्थित फिल्टर प्लांट पर बिजली आपूर्ति की गंभीर समस्या से शहर की जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो रही है। विद्युत कंपनी द्वारा प्रेषित 33 केवी लाइन में लगातार लो-वोल्टेज आने के कारण प्लांट की उच्च क्षमता वाली मोटरें और पंप सुचारू रूप से संचालित नहीं हो पा रहे हैं। इसके चलते टंकियां निर्धारित समय सीमा में नहीं भर पा रहीं, जिससे नागरिकों को समय पर और पर्याप्त दबाव के साथ पानी नहीं मिल रहा है।

बिजली कंपनी कर रही नपा की छवि धूमिल

कम वोल्टेज पर भारी मशीनों के संचालन से फिल्टर प्लांट की महंगी मोटरों और स्टार्टर के जलने का खतरा भी बना हुआ है, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है। जलापूर्ति में लगातार आ रही बाधा के कारण आम जनता में नगर पालिका के प्रति असंतोष बढ़ रहा है और नगर पालिका की छवि पर भी असर पड़ रहा है। नगर पालिका द्वारा इस समस्या को लेकर विद्युत कंपनी के उच्चाधिकारियों को कई बार मौखिक और लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक वोल्टेज की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। नगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि यदि विद्युत आपूर्ति में तत्काल सुधार नहीं किया गया और जलापूर्ति प्रभावित रही, तो भविष्य में होने वाले जन-आक्रोश या किसी भी अप्रिय स्थिति के लिए विद्युत कंपनी पूर्ण रूप से जिम्मेदार होगा।

पार्क के बोर को जोड़ रहे फिल्टर प्लांट से 

शहरवासियों के लिए पर्याप्त पानी की उपलब्धता बनी रहे, इसके लिए नगर पालिका पानी के लगातार नए-नए स्रोत तलाशने में जुटी है। इन स्रोतों में पर्याप्त पानी मिलने पर इनका पानी माचना नदी और फिल्टर प्लांट पर पहुंचाया जा रहा है। शनिवार को विवेकानंद वार्ड स्थित विवेकानंद पार्क में स्थित बोर को प्लांट से जोड़ने का कार्य चल रहा था। यहां प्लांट के सामने सीसी रोड होने के कारण पाइप लाइन डालने के लिए खासी मशक्कत करना पड़ रहा है। इसके अलावा माचना नदी में 4 बोरों से पानी पहुंचाया जा रहा है। क्षेत्र में स्थित अच्छे पानी वाले अन्य बोरों की भी तलाश लगातार जारी है।