CRPF Ex Soldier Murder: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। बैतूल गंज थाना क्षेत्र में सीआरपीएफ के एक पूर्व जवान की हत्या करने वाले आरोपी बैतूल के पास सोनाघाटी की कटी पहाड़ी के पास छिपे थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। खेत की मेड़ को लेकर चल रहे विवाद के चलते हत्या किए जाने की जानकारी उन्होंने पुलिस को दी है। 

पुलिस ने बताया कि थाना बैतूल गंज में 17 अप्रैल को फरियादी विशाल पिता बाबूराव सातनकर हमलापुर ने रिपोर्ट की कि आरोपी ओमप्रकाश यादव, नवीन यादव, पिल्लू उर्फ फूलचंद करोचे ने उसके पिता बाबूराव के साथ खेत की मेड़ के विवाद को लेकर डंडों व नोजल पाइप से जान से मारने की नियत से मारपीट की है।

बाबूराव की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मृत्यु होने पर थाना गंज में अपराध दर्ज किया गया। गंज पुलिस द्वारा तत्परता दिखाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु तत्परता से कार्रवाई कर सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। मुखबिर सूचना के आधार पर 2 आरोपियों को सोनाघाटी कटी पहाड़ी से गिरफ्तार किया गया है।

इन आरोपियों को किया गिरफ्तार 

इस मामले में पुलिस ने ओमप्रकाश उर्फ नानू पिता लक्ष्मण यादव उम्र 40 साल और पिल्लू उर्फ फूलचंद पिता सुखराम करोचे उम्र  21 साल दोनों निवासी ग्राम बरसाली को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बताया कि बाबूराव के साथ खेत की मेड़ को लेकर पुराना विवाद था। इसी बात को लेकर बाबूराव से विवाद हुआ था। विवाद के दौरान डंडों व नोजल पाइप से मारपीट कर हत्या की गई।