Betul Moringa Scam: मुनगा के नाम पर किसानों से ठगी: मुख्य आरोपी गिरफ्तार, मामला फिर चर्चा में
Betul Moringa Scam: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। मुनगा पत्ती के नाम पर किसानों से ठगी के बहुचर्चित मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में उद्यानिकी विभाग की सहायक संचालक डॉ. आशा उपवंशी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। यह मामला जिले में लंबे समय तक खासा चर्चा में बना रहा था।
पुलिस ने बताया कि वर्ष 2017-2018 में उद्यानिकी विभाग बैतूल की आशा उपवंशी द्वारा जिला पंचायत भवन में बैठक आयोजित कर लगभग 100 किसानों को एकत्रित किया गया था। बैठक में UWEGO Agri Solution Pvt. Ltd. इंदौर के माध्यम से मुनगा (सहजन) के पौधे उपलब्ध कराने एवं उनकी पत्तियों एवं फल की खरीदी करने का प्रलोभन दिया गया।
किसानों को बताया गया कि प्रत्येक मुनगा पौधा 20 रुपये में उपलब्ध कराया जाएगा तथा 5 वर्षों तक उसकी देखरेख एवं उत्पाद की खरीदी संस्था द्वारा की जाएगी। इस योजना के तहत किसानों से 20-20 हजार रुपये संस्था के बैंक खाते में जमा कराए गए। संस्था द्वारा कुछ किसानों को पौधे देने के बाद शेष किसानों से धोखाधड़ी कर आरोपी फरार हो गए।
कोतवाली थाना में मामला किया दर्ज
उक्त प्रकरण में थाना कोतवाली में धारा 406, 420 भादंवि के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण में पूर्व में सहायक संचालक उद्यानिकी विभाग डॉ. आशा उपवंशी पति कैलाश वासेवार, निवासी नागपुर (महाराष्ट्र), हाल सिवनी को गिरफ्तार किया जा चुका है।
अब मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार
विवेचना के दौरान मुख्य आरोपी UWEGO Agri Solution Pvt. Ltd. इंदौर के संचालक मयूर जोशी पिता योगेन्द्र नारायण जोशी निवासी विजय नगर, इंदौर को पुलिस टीम द्वारा इंदौर से अभिरक्षा में लेकर गिरफ्तार किया गया, जिसे आज न्यायालय में पेश किया गया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तारी में इनकी सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक देवकरण डेहरिया, उप निरीक्षक बसंत अहाके, प्रधान आरक्षक तरूण पटेल, शिव कुमार, आरक्षक दुर्गेश वर्मा एवं कुमेश इवनाती की सराहनीय भूमिका रही।

Illegal Coal Mining Betul: खनिज विभाग के दावों पर सवाल: न गड्ढे मिले न खनन के निशान, तो फिर तवा नदी किनारे कहाँ से आया कोयले का ढेर?
Betul Water Supply Plan: बैतूल में जल संकट पर विधायक का कड़ा रुख: शहर में रोज पानी सप्लाई की प्लानिंग, तैयार करें मास्टर प्लान