College Chowk Betul Road Open: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। शहरवासियों के लिए अच्छी खबर है। परशुराम चौक (पहले कॉलेज चौक) पर जारी काम के चलते लंबे समय से परेशानी उठा रहे लोगों को जल्द परेशानी से निजात मिलने वाला है। यहां इस कोने का काम लगभग पूरा हो गया है और इसे जल्द ही इसे पूरी तरह आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा। इससे बड़े वाहन भी यहां से आराम से निकल सकेंगे। हालांकि यहां काम पूरी तरह समाप्त नहीं होगा। इस कोने का काम पूरा होने के बाद अब वनिता समाज की ओर वाले कोने पर चौड़ीकरण का काम शुरू किया जाएगा। इस कार्य के लिए इस तरह पूरा ट्रैफिक रोकने की जरुरत नहीं पड़ेगी। 

नगर पालिका परिषद द्वारा करीब पौने 2 करोड़ रुपये की लागत से शहर के सभी प्रमुख चौराहों के चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जाना है। इसकी शुरूआत परशुराम चौक से की गई थी। यहां पर 12 जनवरी को कार्य शुरू हुआ था। उस समय गंज की ओर जाने वाले रोड को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया गया था। इससे वाहनों को ही नहीं बल्कि पैदल आवाजाही करने वालों को भी लंबा फेरा काटकर जाना होता था।

इससे कॉलेज के छात्र-छात्राओं को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही थी। लंबे समय तक परेशान होने के बाद छात्र-छात्राओं ने चक्काजाम कर दिया, जिसके बाद पहले पैदल आवाजाही के लिए और फिर बाइक व कार जैसे वाहनों के लिए यहां से रास्ता दे दिया गया था, लेकिन बड़े वाहन अभी भी वहां से नहीं निकल पा रहे थे। अब पुलिया के अलावा चौड़ीकरण का काम भी वहां किया जा चुका है। ऐसे में जल्द ही (शुक्रवार से भी संभव) चौक को पूरी तरह से खोल दिया जाएगा। 

पुलिया के कारण लगा इतना समय 

यदि केवल चौक के चौड़ीकरण का कार्य होता तो वहां रोड पूरी तरह ब्लॉक करना ही नहीं पड़ता। लेकिन, वहां पर चौड़ीकरण के अलावा पुलिया निर्माण भी किया गया है। यह पुलिया पूरे रोड के बराबर बनाई गई है। इसलिए पूरा रोड भी बंद करना पड़ा और कार्य में महीनों का समय भी लग गया। यह रोड शुरू होने से यहां से सभी तरह के वाहन निकल सकेंगे और लंबा फेरा लगाने की जरुरत नहीं पड़ेगी। 

दूसरे कोने का होगा चौड़ीकरण 

कॉलेज की ओर के कोने का चौड़ीकरण होने के बाद अब इसके सामने यानी वनिता समाज की ओर के कोने का चौड़ीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा। चूंकि यहां केवल चौड़ीकरण का कार्य भर किया जाएगा, इसलिए वहां ज्यादा जगह घेरने की जरुरत नहीं पड़ेगी। इससे ज्यादा परेशानी भी नहीं होगी। 

दो कोनों पर काम से संकरी होगी रोड 

ट्रैफिक पर ज्यादा असर नहीं पड़े, इसलिए नगर पालिका यहां सभी दूर एक साथ काम शुरू नहीं कर रही है। इंजीनियर पंकज धुर्वे बताते हैं कि यदि दो कोनों पर एक साथ काम शुरू कर दिया जाएगा तो फिर रोड काफी संकरी हो जाएगी और यहां पर ट्रैफिक बहुत अधिक होने के कारण फिर से परेशानी होने लगेगी। इसलिए एक बार में एक ही कोने को क्लियर किया जाएगा, ताकि ट्रैफिक बिना किसी रूकावट के जारी रहे। उन्होंने आगे बताया कि अभी जिस कोने पर काम चल रहा था, उसका काम पूरा हो गया है और जल्द ही इसे ओपन कर दिया जाएगा।