Amla Suspicious Death Case: आमला (राष्ट्रीय जनादेश)। एक महिला की मौत होने के बाद उसके शव को अंत्येष्टि के लिए तैयार किया गया और अर्थी को मोक्षधाम भी ले जाया लिया गया। लेकिन इसी दौरान अचानक मृतिका की बहन ने पुलिस को फोन कर जैसे ही हत्या की आशंका जताई पुलिस सक्रिय हो गई और पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। तत्काल पुलिस ने मोक्षधाम पहुंचकर चिता से शव को उठवाकर पीएम के लिए भिजवाया है। पूरे मामला नगर में चर्चा का विषय बना हुआ है। 

चोट के निशान देख बहन ने जताई शंका

जानकारी के अनुसार, भीमनगर निवासी शकुंतला पति कमलाकर गुजरे (62) अपने बेटे के साथ रहती थी। मंगलवार को उसकी मौत हो गई। परिजन और मोहल्ले के लोग शव लेकर स्थानीय मोक्षधाम पहुंचे थे। इसी दौरान मृतिका की बहन अंजली, जो सौसर में रहती है, आमला पहुंची। जब उसने अपनी बहन के शरीर को अंतिम विदाई देने के लिए देखा, तो उसे शरीर पर चोट के निशान नजर आए।

श्मशान घाट पर मची अफरा-तफरी

अंजली ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और आरोप लगाया कि उसकी बहन की मौत स्वाभाविक नहीं है, बल्कि उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अंत्येष्टि रुकवा दी। अचानक पुलिस के पहुंचने से श्मशान घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को अपने कब्जे में लिया।

नशे में धुत्त मिला मृतिका का बेटा

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जब मृितका के घर और परिजनों से पूछताछ करने पहुंची, तो मृतिका का बेटा अत्यधिक नशे की हालत में मिला। पुलिस के मुताबिक, बेटा इतना नशे में था कि वह बयान देने की स्थिति में भी नहीं था। पुलिस अब उसके होश में आने का इंतजार कर रही है ताकि घटनाक्रम की कडिय़ां जोड़ी जा सकें।

इनका कहना...
मृतिका की बहन अंजली की शिकायत पर पुलिस ने अंत्येष्टि रुकवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतिका के शरीर पर चोट के निशानों की बात कही गई है। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। मृतका का बेटा नशे में होने के कारण अभी पूछताछ नहीं हो पाई है।
- रविकांत डेहरिया, थाना प्रभारी, आमला