Multai Theft Case: अंगूर खरीदते वक्त उड़ाए 50 हजार: सीसीटीवी से पहचान, आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार
Multai Theft Case: मुलताई (राष्ट्रीय जनादेश)। नगर में पिछले महीने बैंक से रुपये निकाल कर अंगूर खरीद रहे एक व्यक्ति के 50 हजार रुपये उड़ा दिए गए थे। पुलिस ने इस घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। उसके पास से 35 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं।
पुलिस ने बताया कि फरियादी रवि पिता शंकर सरोदे, निवासी ग्राम देवरी, मुलताई ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 मार्च को दोपहर लगभग 2 बजे उसने नागपुर नाका स्थित पंजाब नेशनल बैंक मुलताई से 50 हजार रुपये निकाले। उक्त राशि को अपने बैग में रखकर बैंक के बाहर खड़ी मोटर साइकिल में टांग दिया एवं पास के ठेले से अंगूर खरीदने लगा। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने बैग चोरी कर लिया। बैग में रुपये के अलावा करीब 20 हजार रुपये की पुरानी सोने की अंगूठी भी रखी हुई थी। रिपोर्ट पर थाना मुलताई में अपराध दर्ज किया गया।
सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना स्तर पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान प्रिंस उर्फ नकुल पिता पुरुषोत्तम सिसोदिया, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम कड़िया सासी, थाना बोड़ा, जिला राजगढ़ (मप्र) के रूप में की गई।
पुलिस से किया गया गिरफ्तार
पुलिस टीम द्वारा आरोपी को जिला झालावाड़ (राजस्थान) से अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें आरोपी ने उक्त चोरी की घटना स्वीकार की। आरोपी के कब्जे से चोरी गई नकदी में से 35 हजार रुपये बरामद किए गए। आरोपी को मंगलवार को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह परिहार, एएसआई मोहनलाल गुप्ता, प्रधान आरक्षक गजराज, आरक्षक गोपाल, आनंद, आरक्षक चालक सेवाराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

भक्तों को चावल के दानों में दर्शन देते हैं भगवान श्रीनाथजी
Genda Chowk Public Toilet Issue: विकास या मज़ाक? 34 लाख खर्च कर भी यात्री नाले किनारे जाने को मजबूर, गेंदा चौक शौचालय पर कब खुलेगा ताला?