Facebook Love Crime Betul: महिला से दोस्ती कर शादी का वादा करने के बाद शोषण करने वाले आरोपी को बैतूल पुलिस ने उत्तर प्रदेश के नोएडा से पकड़ लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

क्या है पूरा मामला

थाना कोतवाली में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी पहचान फेसबुक के जरिए नोएडा निवासी सुनील राजपूत, उम्र 25 वर्ष, से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी बैतूल आया और सोनी होटल में ठहरा। यहीं उसने महिला को शादी का भरोसा दिलाकर उससे तीन से चार बार शारीरिक संबंध बनाए।

नोएडा बुलाकर किया इनकार

महिला के अनुसार, बाद में आरोपी ने उसे अपने पास नोएडा आने के लिए कहा। वह बिना परिवार को बताए वहां पहुंची, लेकिन आरोपी ने शादी करने से साफ मना कर दिया। इससे आहत होकर महिला वापस बैतूल लौटी और थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने ऐसे की कार्रवाई

मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद कोतवाली थाना से एक टीम नोएडा भेजी गई। पुलिस ने आरोपी को वहां से गिरफ्तार कर बैतूल लाया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका

इस कार्रवाई में निरीक्षक देवकरण डहेरिया, उप निरीक्षक छत्रपाल ध्रुवे, उप निरीक्षक चित्रा कुमरे, आरक्षक नितिन चौहान, अनिरुद्ध यादव, राजेन्द्र धाड़से और दीपेन्द्र की अहम भूमिका रही।

पुलिस ने की यह अपील

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने लोगों, खासकर महिलाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर बनने वाले रिश्तों में सावधानी रखें। किसी अनजान व्यक्ति पर जल्दी भरोसा न करें और अपनी निजी जानकारी साझा करने से बचें। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति शादी का झांसा देकर धोखाधड़ी या शोषण करता है तो तुरंत नजदीकी थाने या डायल 112 पर सूचना दें। बैतूल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं से जुड़े अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।