Shahpur Tractor Accident Case: शाहपुर (राष्ट्रीय जनादेश)। एक दिन पहले एक ट्रैक्टर चालक ने शादी के कार्ड बांट रही युवती को टक्कर मार दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम बदलने वाले आरोपी ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया है। पुलिस ने 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद आरोपी की पहचान की। 

पुलिस ने बताया कि थाना शाहपुर क्षेत्र में 12 अप्रैल को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई थी। इसमें मुलताई से अपनी शादी के कार्ड बांटकर वापस घर लौट रही हीरा बटके को शासकीय शराब दुकान शाहपुर के सामने नेशनल हाईवे-46 पर एक अज्ञात ट्रैक्टर चालक द्वारा टक्कर मार दी गई थी। दुर्घटना में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। रिपोर्ट पर थाना शाहपुर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। एक विशेष टीम गठित कर अज्ञात वाहन एवं चालक की तलाश प्रारंभ की गई। टीम द्वारा नेशनल हाईवे के आसपास लगे लगभग 50 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिनके आधार पर घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर की पहचान की गई। 

निशाना का रहने वाला है आरोपी 

जांच के दौरान उक्त ट्रैक्टर दिनेश पिता बलबंत बटके निवासी निशाना का होना पाया गया। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से नीले-सफेद रंग का ट्रैक्टर जप्त कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की गई। जिसमें लाल रंग की ट्रॉली लगी हुई थी।  

कार्रवाई में इनकी रही भूमिका 

उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी अरविंद कुमरे, उपनिरीक्षक बीपी बुंदेला, सहायक उपनिरीक्षक सुनील कैथवास, प्रधान आरक्षक संजेश धुर्वे, शुभम, विकास एवं राजेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।