Wheat Price Increase Betul: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। न्यूनतम समर्थन मूल्य में गेहूं की खरीदी शुरू होने के साथ ही ओपन मार्केट में भी गेहूं के दाम बढऩे लगे हैं। चालू सप्ताह में ही बैतूल कृषि उपज मंडी बैतूल में गेहूं के प्रचलित दाम 114 रुपए प्रति क्विंटल बढ़कर 2370 रुपए हो गए हैं।

न्यूनतम समर्थन मूल्य में सरकार 2585 रुपए प्रति क्विंटल गेहूूं की खरीदी कर रही है। साथ ही 40 रुपए प्रति क्विंटल का बोनस दिया जा रहा है जिससे किसानों को 2625 रुपए प्रति क्विंटल के दाम मिल रहे हैं। जो ओपन मार्केट से लगभग ढाई सौ रुपए क्विंटल अधिक है। यदि ओपन मार्केट में गेहूं के दाम यही रहे या कम हुए तो समर्थन मूल्य में बंपर आवक होगी। वहीं ओपन मार्केट में यदि गेहूं के दाम में और अधिक तेजी आती है और प्रचलित दाम ढाई हजार रुपए क्विंटल से अधिक पहुंचते हैं तो समर्थन मूल्य में गेहूं की आवक कम हो सकती है। 

सरकार द्वारा जिले में 10 अप्रैल से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी शुरू की है। हालांकि अभी कुछ खरीदी केंद्रों पर ही गेहूं खरीदी शुरू हुई है लेकिन सोमवार से अधिकतर केंद्रों पर गेहूं खरीदी शुरू हो जाएगी। प्रदेश में इस साल न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपए प्रति क्विंटल के साथ ही 40 रुपए प्रति क्विंटल का बोनस भी दिया जा रहा है जिससे किसानों को एफएक्यू क्वालिटी के गेहूं के 2625 रुपए प्रति क्विंटल के दाम प्राप्त हो रहे हैं जिससे इस साल समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का लक्ष्य पूर्ण होने के आसार है।

समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी शुरू होने के साथ ही चालू सप्ताह में ओपन मार्केट में भी गेहूं के दाम बढऩे लगे हैं। चालू सप्ताह में ही सोमवार से शुक्रवार तक बैतूल कृषि उपज मंडी में गेहूं के प्रचलित दाम 114 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ गए हैं। चालू सप्ताह के पहले दिन सोमवार को बैतूल मंडी में गेहूं की आवक 7336 क्विंटल रही। न्यूनतम दाम 2027 रुपए, अधिकतम दाम 2451 रुपए और प्रचलित दाम 2256 रुपए प्रति क्विंटल थे।

इसके बाद शुक्रवार तक प्रतिदिन गेहूं के प्रचलित दाम में बढ़ोत्तरी हो रही है। शुक्रवार को मंडी में गेहूं की आवक 5297 क्विंटल थी। न्यूनतम दाम 22 सौ रुपए अधिकतम दाम 2481 रुपए और प्रचलित दाम 2370 रुपए प्रति क्विंटल थे। गेहूं के दाम में तेजी आने के बावजूद न्यूनतम समर्थन मूल्य से लगभग ढाई सौ रुपए क्विंटल अधिक है जिससे किसान तेजी से स्लॉट बुक करवा रहे हैं। 

पिछले 5 दिन में बैतूल मंडी में गेहूं के दाम

दिनांक आवक  न्यूनतम  अधिकतम प्रचलित दाम
10 अप्रैल 5297 2200 2481  2370
9 अप्रैल 5383 2180  2480 2340
8 अप्रैल  4456 2150 2525  2325
7 अप्रैल   4569  2050 2441 2280
6 अप्रैल 7336   2027 2451  

2256