MP IAS Transfer 2026: मध्यप्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। सरकार ने एक साथ 26 आईएएस अधिकारियों की नई पदस्थापना सूची जारी कर कई अहम जिलों और विभागों की जिम्मेदारियां बदल दी हैं। इस फेरबदल का असर राजधानी भोपाल सहित कई जिलों में देखने को मिलेगा। 

भोपाल में सबसे बड़ा बदलाव 

इस तबादला सूची में राजधानी भोपाल में महत्वपूर्ण परिवर्तन किया गया है। वर्ष 2013 बैच के आईएएस अधिकारी प्रियंक मिश्रा, जो अब तक धार जिले के कलेक्टर थे, उन्हें अब भोपाल का नया कलेक्टर बनाया गया है। वहीं वर्तमान कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह को मुख्यमंत्री का सचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें नगर तथा ग्राम निवेश आयुक्त की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है। 

संभाग और विभागों में बदलाव 

सरकार ने संभाग और विभागीय स्तर पर भी बदलाव किए हैं। श्रीकांत बनोठ को नर्मदापुरम संभाग का आयुक्त बनाया गया है। शिल्पा गुप्ता, जो लोक शिक्षण आयुक्त थीं, अब गृह विभाग में सचिव के रूप में काम करेंगी। वहीं अभिषेक सिंह को गृह विभाग से हटाकर लोक शिक्षण आयुक्त और स्कूल शिक्षा विभाग के पदेन सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 

कई जिलों में नए कलेक्टर नियुक्त 

नई सूची के अनुसार कई जिलों में नए कलेक्टरों की नियुक्ति की गई है। धार में राजीव रंजन मीना को कलेक्टर बनाया गया है। रीवा जिले की जिम्मेदारी नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी को दी गई है। सागर में प्रतिभा पाल को कलेक्टर बनाया गया है, जो पहले रीवा में पदस्थ थीं। इसी तरह सिवनी में नेहा मीना, शिवपुरी में अर्पित वर्मा और झाबुआ में डॉ. योगेश तुकाराम भरसट को कलेक्टर नियुक्त किया गया है। दमोह जिले की कमान प्रताप नारायण यादव को सौंपी गई है। बैतूल में डॉ. सौरभ संजय सोनवणे को नया कलेक्टर बनाया गया है। 

आईएएस सौरभ संजय सोनवणे के बारे में...

आईएएस सौरभ संजय सोनवणे भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी हैं, जो वर्तमान में रीवा नगर निगम आयुक्त के पद पर कार्यरत हैं। उनका जन्म 30 जनवरी 1991 को जलगांव, महाराष्ट्र में हुआ था। उन्होंने एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की और बिना कोचिंग के यूपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल की।

श्री सोनवणे ने अपने करियर की शुरुआत जिला पंचायत सीईओ, नरसिंहपुर पंचायत सीईओ और खंडवा में एडिशनल कलेक्टर के रूप में की। उन्हें उनकी तेज-तर्रार और निष्पक्ष छवि के लिए जाना जाता है।

कार्यकाल:

- रीवा नगर निगम आयुक्त (वर्तमान)
- जिला पंचायत सीईओ, रीवा
- नरसिंहपुर पंचायत सीईओ
- खंडवा में एडिशनल कलेक्टर

शिक्षा:

- एमबीबीएस, महाराष्ट्र
- 2017 बैच, आईएएस

यहाँ देखें स्थानांतरित अधिकारियों की पूरी सूची...