stolen motorcycles recovery: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। वाहन चोरी के मामले में जिले की मुलताई थाना पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई है। मुलताई पुलिस ने चोरी की 10 मोटर साइकिलों के साथ संदेही को गिरफ्तार किया है। जब्त मोटर साइकिलों की कीमत लगभग 6 लाख, 60 हजार रुपये हैं। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। 

पुलिस ने बताया कि 4 अप्रैल 2026 को थाना मुलताई पुलिस को देहात भ्रमण के दौरान विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम लेंदागोंदी निवासी पंकज पंवार अपने खेत स्थित भैंस के बाड़े में कई चोरी की मोटर साइकिलें छिपाकर रखे हुए हैं। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा पंचों को साथ लेकर बताए गए स्थान पर दबिश दी गई। मौके पर एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम पंकज पिता हीराचंद पंवार, उम्र 31 वर्ष, निवासी लेंदागोंदी बताया।

साढ़े 6 लाख से ज्यादा है कीमत 

आरोपी के भैंस बाड़े की तलाशी लेने पर कुल 10 दोपहिया वाहन (9 मोटर साइकिल एवं 1 स्कूटी) बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख, 60 हजार रुपये है। आरोपी उक्त वाहनों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका एवं संतोषजनक जवाब भी नहीं दे पाया। आरोपी के विरुद्ध धारा 35(1)(ड) बीएनएसएस एवं 305(बी) बीएनएस के तहत पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

यह मोटर साइकिलें की गईं जब्त 

आरोपी के पास से सीडी 100 क्रमांक एमपी28एनडी3028, बिना नंबर की हीरो मोटर साइकिल (चेसिस नंबर एमबीएलएचएडब्ल्यू02जीए14961), हीरो एचएफ डीलक्स क्रमांक एमपी28एमयू2253, बिना नंबर की सुपर स्प्लेंडर (चेसिस क्रमांक एमबीएलजेडब्ल्यू097एमओ3457), पैशन प्रो क्रमांक एमपी28एन8799, स्कूटी क्रमांक एमपी48एमजेड1562, स्प्लेंडर प्लस क्रमांक एमपी28एनएफ2384, एचएफ डीलक्स क्रमांक एमपी28एमआर1733, बजाज प्लेटिना क्रमांक एमपी28एमजेड7170 और एचएफ डीलक्स क्रमांक एमपी28एमआर0613 जब्त की है। 

इस पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका 

उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह परिहार, उप निरीक्षक सुनील सरयाम, सहायक उप निरीक्षक एमएल गुप्ता, प्रधान आरक्षक दिनेश बरडे, आरक्षक गजराज, सत्येन्द्र पाल, आनंद वट्टी, शिवराज धाकड़, चालक आरक्षक सेवाराम पंवार एवं महिला आरक्षक मेघा धुर्वे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।