बर्फ में लिपटा केदारनाथ धाम, यात्रा पर संकट गहराया; मौसम विभाग का आज भी अलर्ट जारी
रुद्रप्रयाग (उत्तराखंड): विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में बीते दो दिनों से हो रही बर्फबारी ने यात्रा तैयारियों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है. रविवार सुबह जहां धाम में तेज धूप खिली, वहीं दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट बदलते हुए बारिश और हल्की बर्फबारी शुरू हो गई. मौसम के इस उतार-चढ़ाव ने प्रशासन और संबंधित विभागों के सामने नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं.
दरअसल, बाबा केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुलेंगे. ऐसे में केदारनाथ समेत पूरी केदारघाटी में यात्रा की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं. गौरीकुंड से केदारनाथ तक मार्ग को सुचारू करने के लिए विभिन्न विभाग युद्धस्तर पर जुटे हुए हैं, लेकिन लगातार बदलता मौसम इन कार्यों में बाधा बन रहा है. शुक्रवार को मालवाहक घोड़े-खच्चर धाम तक पहुंच गए थे, जिससे आवश्यक सामग्री पहुंचाने का कार्य शुरू हो गया था. हालांकि शनिवार सुबह हुई भारी बर्फबारी ने व्यवस्थाओं को प्रभावित कर दिया.
केदारनाथ विकास प्राधिकरण (डीडीएमए) द्वारा 60 से अधिक मजदूरों को बर्फ हटाने के कार्य में लगाया गया है, जो लगातार मार्ग और मंदिर परिसर से बर्फ साफ करने में जुटे हैं. बावजूद इसके, लगातार हो रही बर्फबारी के कारण साफ किए गए स्थानों पर फिर से बर्फ की मोटी परत जम रही है. शनिवार को पूरे दिन मौसम बदलता रहा, जिससे कार्यों में व्यवधान उत्पन्न हुआ. वहीं रविवार सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद फिर बादल छा गए और हल्की बर्फबारी शुरू हो गई. डीडीएमए के अधिशासी अभियंता राजविंद सिंह ने बताया कि मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण यात्रा तैयारियां प्रभावित हो रही हैं. उन्होंने कहा कि फिलहाल मालवाहक पशुओं की आवाजाही जारी है, लेकिन आम लोगों की आवाजाही मौसम के अनुकूल होने और मार्ग सुरक्षित होने के बाद ही शुरू की जाएगी.
धाम में जमी बर्फ की मोटी चादर के कारण मंदिर परिसर और पैदल मार्गों पर काम करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है. यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य, पेयजल, संचार और विद्युत आपूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाओं को बहाल करना भी प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है. 22 अप्रैल से शुरू होने जा रही केदारनाथ यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है, लेकिन मौसम की बेरुखी तैयारियों पर भारी पड़ती नजर आ रही हैं. ऐसे में आगामी दिनों में मौसम का रुख ही यात्रा व्यवस्थाओं की गति तय करेगा.
उत्तराखंड मौसम विभाग के मुताबिक आज राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जिले के कुछ स्थानों में गरज के साथ बारिश हो सकती है. जबकि 3300 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है. राज्य के शेष जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश गरज के साथ होने का पूर्वानुमान जताया गया है. राज्य के पहाड़ी जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, झोंकेदार हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटा तक) चलने की संभावना है. जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.

Betul Air Force Candidate Death: एयरफोर्स ज्वाइनिंग से एक दिन पहले युवक की मौत, कुएं में मिला शव, सड़क पर उतरे ग्रामीण
Madhya Pradesh Bus Strike: 7 अगस्त तक सरकार को अल्टीमेटम, नहीं मानी मांगें तो थम जाएंगे बसों के पहिए
Betul Land Encroachment: सरकारी जमीन पर कब्जे का बड़ा खेल, जांच में सामने आए 27 अतिक्रमण
Outsource Employees Salary: सीएमएचओ कार्यालय पर गंभीर आरोप, सफाईकर्मियों और कंप्यूटर ऑपरेटरों को नहीं मिल रहा पूरा वेतन