Beer Overpricing Betul: एमआरपी 199 की बीयर 260 में बेचकर खुली लूट, पीसाझोड़ी शराब दुकान पर ठेकेदार की मनमानी
Beer Overpricing Betul: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। जिले में गत वर्ष शराब ठेकेदारों की मोनोपाली से महंगी शराब लेने वाले सुराप्रेमियों को इस बार जिले में मोनोपाली टूटने से सस्ती शराब मिलने की उम्मीद थी, लेकिन नए वित्तीय वर्ष में नए ठेकेदारों ने शुरूआत से ही सुराप्रेमियों को लूटना शुरू कर दिया है।
शाहपुर ग्रुप में आने वाली शराब दुकान में तो बीयर एमआरपी से भी ३० प्रतिशत ज्यादा में बेची जा रही है। ग्राहकों द्वारा विरोध करने पर दो टूक जवाब दे दिया जाता है कि यह पुराने रेट की बीयर है, लेना हो तो इतने में ही मिलेगी, नहीं तो जहां कम में मिल रही है, वहां से ले लो। पीसाझोड़ी शराब दुकान से १५ किलोमीटर के दायरे में दूसरी कोई शराब दुकान नहीं है, जिससे सुराप्रेमी शराब ठेकेदार की मनमानी का शिकार हो रहे हैं।
आबकारी विभाग द्वारा साल २०२६-२७ के लिए शराब दुकानों की नीलामी की जा रही है। जिले में अभी ६१ में से ८ शराब दुकान अनसोल्ड हैं। अभी तक हुई ५३ शराब दुकानों की नीलामी में अलग-अलग फर्मों द्वारा शराब दुकानें ली गई हैं। अलग-अलग फर्मों द्वारा शराब दुकान लेने से जिले में इस साल प्रतिस्पर्धा के चलते सुराप्रेमियों को शराब एमएसपी या उससे भी कम दाम में मिलने की उम्मीद थी, लेकिन शराब दुकानें शुरू होने के साथ ही नए ठेकेदारों ने शराब विशेषकर बीयर के दाम बढ़ा दिए हैं।
पांढुर्णा की वैष्णवी ट्रेडर्स ने शाहपुर ग्रुप, ऑफसेट प्राइज २० करोड़ ८८ लाख ४७ हजार ९५६ में लिया है। इस ग्रुप में शाहपुर की दोनों शराब दुकानों के साथ भौंरा और पीसाझोड़ी की शराब दुकान शामिल है। पीसाझोड़ी शराब दुकान में बीयर एमआरपी से ३० प्रतिशत अधिक दाम में बेची जा रही है। रविवार सुबह यहां बीयर लेने पहुंचे एक सुराप्रेमी ने बताया कि किंगफिशर बीयर २६० रुपये में दी है। जबकि बीयर की बॉटल में एमएसपी १७३ रुपये और एमआरपी १९९ रुपये हैं। मतलब ठेकेदार उक्त बीयर की बॉटल १७३ रुपये से कम में और १९९ रुपये से अधिक में नहीं बेच सकते हैं, लेकिन यहां ३० प्रतिशत अधिक २६० रुपये में बीयर बेची जा रही है।
इसी प्रकार १४८ रुपये एमआरपी वाली बोल्ट बीयर भी २२० रुपये में दी जा रही है। जब सेल्समैन से एमआरपी से अधिक दाम में बीयर बेचने सवाल किया तो उनका कहना था कि यह पुराने रेट की बीयर है। जबकि बॉटल में बीयर पैकिंग की तारीख १६.०३.२०२६ लिखी हुई थी। सेल्समैन का कहना था कि उन्हें ठेकेदार ने इसी दाम पर बेचने के निर्देश दिए हैं। यदि कहीं कम में मिल रही है तो वहां से बीयर ले लो। ठेकेदार और सेल्समैन की इस मनमर्जी से सुराप्रेमी लुटने को मजबूर हैं।
क्या बोले जिम्मेदार...
जिले में बीयर की शॉर्टेज है फिर भी कोई भी एमआरपी से अधिक पर बीयर नहीं बेच सकते हैं। पीसाजोड़ी शराब दुकान में १९९ एमआरपी वाली बीयर २६० रुपये में बिकने की मैं जांच करवाता हूं।
- डॉ. अंशमन चढ़ार, जिला आबकारी अधिकारी, बैतूल

Betul Air Force Candidate Death: एयरफोर्स ज्वाइनिंग से एक दिन पहले युवक की मौत, कुएं में मिला शव, सड़क पर उतरे ग्रामीण
Madhya Pradesh Bus Strike: 7 अगस्त तक सरकार को अल्टीमेटम, नहीं मानी मांगें तो थम जाएंगे बसों के पहिए
Betul Land Encroachment: सरकारी जमीन पर कब्जे का बड़ा खेल, जांच में सामने आए 27 अतिक्रमण
Outsource Employees Salary: सीएमएचओ कार्यालय पर गंभीर आरोप, सफाईकर्मियों और कंप्यूटर ऑपरेटरों को नहीं मिल रहा पूरा वेतन
सीएम हेल्पलाइन की शिकायत का त्वरित समाधान