Tiger Corridor Betul: 758 करोड़ में बनेगा बरेठा घाट का टाइगर कॉरिडोर, नितिन गडकरी ने दी मंजूरी
Tiger Corridor Betul: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने जिले को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने नेशनल हाईवे क्रमांक 46 के इटारसी-बैतूल सेक्शन में बनने वाले 22 किलोमीटर लंबे टाइगर कॉरिडोर के लिए 758 करोड़ रुपये की राशि मंजूर कर दी है। अब हाईकोर्ट से रोक हटते ही इस काम के शुरू होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
गौरतलब है कि ग्वालियर-बैतूल कॉरिडोर के बैतूल-इटारसी सेक्शन में बरेठा घाट तथा कुछ अन्य स्थानों पर फोरलेन निर्माण का कार्य हाईकोर्ट की रोक के कारण अटका हुआ है। बरेठा घाट पर फोरलेन का निर्माण नहीं होने से यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं। इसके साथ ही बार-बार जाम लगने की समस्या भी होती है। इसके चलते इसके निर्माण की लंबे समय से मांग की जा रही है। हाल ही में एनएचएआई द्वारा जानकारी दी गई थी कि हाईकोर्ट के मापदंडों और शर्तों के अनुसार उसने इस फोरलेन टाइगर कॉरिडोर का निर्माण करने के लिए पूरा प्लान तैयार कर लिया है।
अब प्रोजेक्ट को भी मिल गई मंजूरी
एनएचएआई ने यह जानकारी भी दी थी कि इस निर्माण कार्य पर लगी रोक हाईकोर्ट द्वारा हटाए जाते ही कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। इस बीच यह एक अच्छी खबर सामने आई है कि एनएचएआई द्वारा जो प्रोजेक्ट बनाया गया था, उसके लिए केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय से राशि भी मंजूर हो गई है।
गडकरी ने ट्विट करके दी जानकारी
इस संबंध में केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी ने ट्विट करके जानकारी दी है कि मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग-46 के इटारसी-बैतूल सेक्शन में 22 किमी. लंबे टाइगर कॉरिडोर को 4-लेन बनाने के लिए 758 करोड़ रुपये की लागत के साथ स्वीकृति दी गई है।

कम समय में हो सकेगा सफर
उन्होंने आगे कहा है कि यह क्षेत्र खेती-बाड़ी का एक बड़ा केंद्र है और यहां कोयला, तांबा, ग्रेफाइट और सीसा-जस्ता जैसे प्राकृतिक संसाधन भरपूर मात्रा में मौजूद हैं। इस सेक्शन को 4-लेन बनाने से पूरे क्षेत्र में माल ढुलाई में लगने वाला समय कम होगा और सुरक्षा बढ़ेगी। साथ ही किसानों के लिए बाजारों और मंडियों तक पहुंच भी आसान हो जाएगी।
अंडरपास और ओवरपास बनाए जाएंगे
इस परियोजना में जानवरों के सुरक्षित रूप से सड़क पार करने के लिए 11 खास अंडरपास और ओवरपास बनाए जाएंगे। जिससे आसपास के वन्यजीव इलाकों में सड़क दुर्घटनाओं और जानवरों की मौत के मामलों में कमी आएगी।
पूरा कॉरिडोर होगा फोरलेन हाईवे
श्री गडकरी ने आगे कहा कि बाकी बचे 22 किलोमीटर के इस हिस्से को अपग्रेड करने के साथ ही, पूरा ग्वालियर-बैतूल कॉरिडोर एक 4-लेन वाला हाईवे बन जाएगा। इससे यात्रा का समय कम होगा, पहाड़ी इलाकों में सड़क सुरक्षा बेहतर होगी और माधव नेशनल पार्क, रातापानी और सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा।

Madhya Pradesh Bus Strike: 7 अगस्त तक सरकार को अल्टीमेटम, नहीं मानी मांगें तो थम जाएंगे बसों के पहिए
Betul Land Encroachment: सरकारी जमीन पर कब्जे का बड़ा खेल, जांच में सामने आए 27 अतिक्रमण
Outsource Employees Salary: सीएमएचओ कार्यालय पर गंभीर आरोप, सफाईकर्मियों और कंप्यूटर ऑपरेटरों को नहीं मिल रहा पूरा वेतन
सीएम हेल्पलाइन की शिकायत का त्वरित समाधान
सपनों को मिला कलेक्टर का साथ, द कलेक्टर्स-15 से शुरू हुई बदलाव की नई इबारत