Betul Trenching Ground Cleaning: सीएमओ की सख्ती: 10 दिन में साफ होगा ट्रेंचिंग ग्राउंड, नई जगह शिफ्ट की तैयारी
Betul Trenching Ground Cleaning: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। शहर के जिस ट्रेंचिंग ग्राउंड ने पूर्व सीएमओ सतीश मटसेनिया को निलंबित करवा दिया, उस ट्रेंचिंग ग्राउंड को लेकर सीएमओ नवनीत पांडेय बेहद सचेत नजर आ रहे हैं। यही कारण है कि वे यहां कोरकसर नहीं छोड़ रहे हैं ताकि भविष्य कोई अप्रिय स्थिति न बने। इसके साथ ही ट्रेंचिंग ग्राउंड को यहां से जल्द शिफ्ट करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। इसमें भी जल्द सफलता मिलने के आसार हैं।
सीएमओ श्री पांडेय ने शुक्रवार को ट्रेंचिंग ग्राउंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पाया कि वहां फिलहाल 700 मीट्रिक टन आरडीएफ (प्लास्टिक और अन्य सामग्री जो फैक्ट्रियों मे ंजाती है) और 9500 मीट्रिक टन लीगेसी (कचरा) है। दूसरी ओर कचरा ले जाने वाले ट्रकों की संख्या बेहद कम है। इसके चलते कचरा खाली होने की रफ्तार धीमी है। यह देखकर उन्होंने ट्रकों की संख्या तुरंत बढ़ाए जाने के निर्देश दिए। इसके अलावा एक नए कचरे का ढेर छोड़कर सारा ट्रेंचिंग ग्राउंड जल्द से जल्द क्लियर करने को ठेकेदार को कहा गया। इस पर ठेकेदार ने इसके लिए एक महीने की मोहलत मांगी। सीएमओ ने इससे साफ इंकार करते हुए 10 दिनों में ट्रेंचिंग ग्राउंड को हर हाल में क्लियर करने की सख्त हिदायत दी। सीएमओ श्री पांडेय ने बताया कि हमारी पहली प्राथमिकता ट्रेंचिंग ग्राउंड को जल्द से जल्द क्लियर करना है।
लैंड रिक्लेंड के आधार पर हुआ टेंडर
गौरतलब है कि ट्रेंचिंग ग्राउंड का टेंडर कचरे के वजन के आधार पर नहीं बल्कि लैंड रिक्लेंड के आधार पर हुआ है। यानी ठेकेदार को कचरे के वजन के आधार पर नहीं बल्कि जितना भी कचरा हो, उतना हटाकर जमीन लेवल तक लाना है। इस टेंडर के अनुसार 26972 वर्गमीटर क्षेत्र को कचरा हटकर जमीन लेवल तक लाना है।
वर्ष 2023 में हुआ था यह ठेका
ट्रेंचिंग ग्राउंड का यह ठेका 2023 में हुआ था। उस समय यहां 1 लाख, 33 हजार मीट्रिक टन कचरा था। ठेकेदार ने 2024 के अंत या 2025 की शुरूआत में काम शुरू किया। उस समय तक यहां 1.55 लाख मीट्रिक टन कचरा हो चुका था। अब जो नया कचरा आया है, उसे भी उसी ठेकेदार से हटवाया जा रहा है, क्योंकि इसके लिए नया टेंडर होना संभव नहीं है। इसके लिए ठेकेदार को 10 प्रतिशत अतिरिक्त राशि की स्वीकृति भी परिषद ने दी है।
जल्द शिफ्ट किया जाएगा ट्रेंचिंग ग्राउंड
बार-बार हो रहे विरोध के चलते नगर पालिका जल्द ही वहां से ट्रेंचिंग ग्राउंड को शिफ्ट करने की तैयारी भी कर रही है। सीएमओ श्री पांडेय ने बताया कि इसके लिए कुछ जगह जमीन देख ली है। जल्द ही इनमें से किसी एक पर निर्णय लिया जाएगा और फिर वहां नया ट्रेंचिंग ग्राउंड बनाया जाएगा ताकि बार-बार विरोध की स्थिति निर्मित न हो।
ट्रामेल मशीन भी खरीद चुकी नपा
कचरे का ढेर लगने का एक मुख्य कारण कचरे को अलग-अलग करने में देरी थी। इसे देखते हुए इसके लिए नगर पालिका यह कार्य करने वाली ट्रामेल मशीन भी खरीद चुकी है। अब जहां भी ट्रेंचिंग ग्राउंड बनाया जाएगा, वहां पर कचरे को पृथक-पृथक करने के लिए इस मशीन का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे कि कचरे का ढेर नहीं लगेगा।

यूपी हादसा: 4 बच्चे चढ़े टंकी पर, 3 गिरे; 2 का हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू
2025-26 में ED का एक्शन मोड: हजारों रेड, पर कम हुई गिरफ्तारियां
बरगी क्रूज त्रासदी: "हमें भीख नहीं इंसाफ चाहिए", अपनों को खोने वालों का फूटा गुस्सा; अब तक 13 शव बरामद
बरगी बांध हादसा: विमान में खराबी से 4 घंटे एयरपोर्ट पर रुका शव