Betul BJP Leaders State Posts: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। बीते समय में प्रदेश भाजपा के संगठन और मोर्चा-प्रकोष्ठों में बैतूल जिले को कभी भी कोई खास प्रतिनिधित्व नहीं मिला है। अधिक से अधिक कार्यसमिति सदस्य बनाकर इतिश्री हो जाती थी। लेकिन, अब जब बैतूल विधायक हेमंत खण्डेलवाल प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष हैं तो जिले के भाजपाइयों पर मानो प्रादेशिक पदों की बौछार हो रही है। अभी तक जारी अलग-अलग मोर्चा-प्रकोष्ठों की प्रदेश कार्य समिति में कमोबेश सभी में बैतूल को पद मिले हैं।

गुरुवार को भी बैतूल जिले को चार प्रमुख पदों से नवाजा गया है। जिसमें प्रदेश भाजपा प्रवक्ता, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी, प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट और युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री का पद शामिल है। भाजपा की प्रदेश स्तर की कमेटियों में बैतूल को अभी तक  8 पद मिल चुके हैं। जबकि अन्य मोर्चा और प्रकोष्ठों की कार्य कारिणी अभी घोषित होना और बाकी है। 

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के गृह जिले बैतूल के भाजपा नेताओं पर इस समय प्रादेशिक पदों की बौछार हो रही है। हेमंत खण्डेलवाल के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री के पद पर अशोक पांसे, महिला मोर्चा के प्रदेश मंत्री के पद पर ममता मालवी, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री के पद पर अतीत पंवार और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा में प्रदेश सह कोषाध्यक्ष के पद पर मुकेश झारे की नियुक्ति हो चुकी है। 

गुरुवार को जारी प्रदेश प्रवक्ताओं की लिस्ट में बैतूल जिले की आमला विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे को प्रदेश प्रवक्ता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। इसके साथ ही मूलत: भीमपुर के रहने वाले और वर्तमान में भोपाल निवासी अंकित आर्य को युवा मोर्चा का प्रदेश मंत्री बनाया गया है। सक्रिय पत्रकार और घोड़ाडोंगरी क्षेत्र के भाजपा नेता, वर्तमान में भोपाल निवासी विशाल बतरा को प्रदेश मीडिया सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं पत्रकार और भाजपा नेता मोहित गर्ग को प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट की जिम्मेदारी मिली है। 

मध्यप्रदेश भाजपा ने गुरुवार को संगठन का विस्तार करते हुए 33 प्रदेश प्रवक्ताओं, 9 मीडिया सहप्रभारियों और 47 मीडिया पैनलिस्टों की घोषणा की है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल की मंजूरी के बाद प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने इन नियुक्तियों की घोषणा की है।