Betul ITI Development: हेमंत के प्रयासों से बैतूल आईटीआई के लिए 14.11 करोड़ मंजूर, बालक-बालिका छात्रावास और भवन बनेंगे
Betul ITI Development: बैतूल। आदिवासी बाहुल्य बैतूल जिले में तकनीकी शिक्षा को सुविधासंपन्न बनाने के लिए ठोस प्रयास करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल की विशेष पहल पर जिला मुख्यालय बैतूल स्थित शासकीय आईटीआई सहित शासकीय एकलव्य महिला आईटीआई कोसमी में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए मध्यप्रदेश शासन तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग द्वारा 14 करोड़ 11 लाख 5 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। शासकीय आईटीआई बैतूल और शासकीय एकलव्य महिला आईटीआई कोसमी के छात्र-छात्राओं को तकनीकी शिक्षा और आवासीय सुविधाओं की उपलब्धता की चिंता करते हुए श्री खंडेलवाल ने बालक एवं बालिका छात्रावासों सहित ट्रेड शेड भवन निर्माण के लिए उक्त राशि स्वीकृत करवाई है।
2 छात्रावास, 6 ट्रेड शेड भवन का होगा निर्माण
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक के विशेष प्रयासों से मध्यप्रदेश शासन तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग द्वारा ‘व्यावसायिक प्रशिक्षण का सुदृढ़ीकरण एवं विस्तार’ अंतर्गत बैतूल आईटीआई में 60 सीटर छात्रावास निर्माण के लिए 3 करोड़ 41 लाख 58 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इसके साथ ही शासकीय एकलव्य महिला आईटीआई कोसमी, बैतूल में 60 सीटर बालिका छात्रावास निर्माण के लिए 3 करोड़ 42 लाख 79 हजार रुपए तथा 6 ट्रेड शेड भवन निर्माण के लिए 7 करोड़ 26 लाख 68 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की गई है।
दूरदराज के बच्चों को मिलेगी आवासीय सुविधा
उल्लेखनीय है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक की पहल पर आईटीआई बैतूल में तकनीकी शिक्षा लेने वाले सुदूर ग्रामीण अंचलों और दूरदराज के छात्र-छात्राओं को आवासीय सुविधा मिलेगी। जिला मुख्यालय बैतूल में संचालित आईटीआई में छात्रावास भवन नहीं होने से ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे किराए से मकान लेकर तकनीकी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। परिसर में 60 सीटर सर्वसुविधायुक्त बालक छात्रावास का निर्माण होने से छात्रों को आईटीआई परिसर में ही आवासीय सुविधा मिलेगी।
इंडस्ट्रियल एरिया कोसमी में संचालित है आईटीआई
इंडस्ट्रियल एरिया कोसमी, बैतूल में संचालित शासकीय एकलव्य महिला आईटीआई में 120 सीटर बालिका छात्रावास पूर्व से निर्मित है। आईटीआई में छात्राओं की दर्ज संख्या अधिक होने से छात्राओं द्वारा लंबे समय से एक और छात्रावास निर्माण की मांग की जा रही थी। जिसे गंभीरता से लेते हुए श्री खंडेलवाल ने कोसमी आईटीआई परिसर में 60 सीटर बालिका छात्रावास निर्माण के लिए राशि स्वीकृत करवाई है। छात्रावासों का निर्माण ऐसे छात्र-छात्राओं के लिए लाभकारी सिद्ध होगा, जो ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों से आकर तकनीकी शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं, लेकिन आवासीय सुविधा के अभाव में कठिनाइयों का सामना करते हैं। छात्रावास बनने से विद्यार्थियों को सुरक्षित और सुलभ रहने की सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी पढ़ाई में निरंतरता बनी रहेगी।
महिला आईटीआई में नए ट्रेड से बढ़ेंगे अवसर
महिला आईटीआई में नए ट्रेड भवनों के निर्माण से नए ट्रेड प्रारंभ होंगे, जिससे छात्राओं के लिए तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर खुलेंगे और उन्हें विभिन्न व्यावसायिक कौशलों में प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

RTO Checking in Betul: परिवहन विभाग की दबिश से बस स्टैंड पर मचा हड़कंप; चेकिंग देख बसें लेकर भागे चालक, बिना परमिट वाली बस जब्त
राशिफल 03 मई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा