Betul kidnapping case: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में एक नाबालिग किशोरी का अपहरण कर उसे डेढ़ लाख रुपये में बेचे जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने अपहृता को बरामद कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। 

पुलिस विभाग के जनसंपर्क अधिकारी द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार थाना मोहदा में दर्ज अपराध क्रमांक 159/2025 धारा 137(2), 87, 64(2)(एम), 144, 111, 70(2), 3(5) बीनएसएस एवं 5एल/6 पाक्सो एक्ट के अंतर्गत नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए पुलिस द्वारा तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

नवंबर माह में हुई थी रिपोर्ट 

फरियादी निवासी पिपरिया द्वारा 6 नवंबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री 4 नवंबर 2025 को शाम लगभग 7 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई, जिसे अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका थी।

पुलिस की विशेष टीम गठित 

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में एसडीओपी भैंसदेही के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों एवं साइबर सेल की सहायता से लगातार तलाश की गई।

जांच के दौरान यह तथ्य आए सामने 

जांच के दौरान ज्ञात हुआ कि मुख्य आरोपी द्वारा नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर महाराष्ट्र राज्य ले जाया गया था। 19 मार्च को बालिका को सकुशल बरामद कर लिया गया तथा आरोपी सागर पिता सुभाष दशपुरे निवासी सावालापुर जिला अमरावती (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को 20 मार्च को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।

अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी

विवेचना में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी सागर ने बालिका को 150000 रुपये में सह-आरोपियों को बेच दिया था। मामले में सहयोग करने वाले अन्य आरोपी धर्मू निवासी चारवा जिला हरदा एवं सुनील पिता सुभाष पटेल निवासी सावालापुर जिला अमरावती को 1 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया है। एक अन्य आरोपी शिवप्रसाद यादव निवासी पिपरिया की तलाश जारी है, जिसे शीघ्र गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।