Betul murder case: मारपीट कर सास को किया गंभीर घायल, इलाज के दौरान मौत, हत्या के आरोप में बहू गिरफ्तार
Betul murder case: बैतूल। जिले के मुलताई थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपनी सास के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बीचबचाव कर रहे 2 अन्य लोगों को भी चोट आई है। पुलिस ने हत्या की आरोपी बहू को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस विभाग के जनसंपर्क अधिकारी द्वारा जारी प्रेस नोट में बताया गया है कि 19 फरवरी 2026 को फरियादिया शारदा पति शिवराम चिकाने, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम पिपरिया ने थाना मुलताई में रिपोर्ट दर्ज कराई कि प्रात: लगभग 9 बजे आरोपी रश्मि चिकाने उसके घर के सामने आई और बिना किसी कारण लकड़ी से उसके सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोट आई।
सास के साथ भी की मारपीट
फरियादिया के अनुसार, आरोपी द्वारा इससे पूर्व अपनी सास प्रमिला बाई चिकाने, उम्र 82 वर्ष के साथ भी मारपीट की गई थी। जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना में अन्य व्यक्तियों दिनेश पाठेकर एवं कलश पाठेकर को भी चोटें आईं। सभी घायलों को उपचार हेतु मुलताई अस्पताल ले जाया गया। आरोपी द्वारा जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध
उक्त रिपोर्ट पर थाना मुलताई में अपराध क्रमांक 115/2026 धारा 115(2), 351(3) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। घायल प्रमिला बाई चिकाने को गंभीर अवस्था में एम्स अस्पताल भोपाल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 23 फरवरी को उनकी मृत्यु हो गई।
मारपीट से आई चोटों से मौत
मर्ग जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर यह पुष्टि हुई कि मृत्यु मारपीट में आई चोटों के कारण हुई है। इस आधार पर प्रकरण में धारा 103(1) बीएनएस (हत्या) का इजाफा किया गया।
आरोपी महिला को किया गिरफ्तार
थाना मुलताई पुलिस द्वारा तत्परता से कार्यवाही करते हुए आरोपी महिला रश्मि पति रामेश्वर चिकाने, उम्र 47 वर्ष, निवासी ग्राम पिपरिया को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त हथियार जब्त किया गया तथा न्यायालय मुलताई के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
जांच में इनकी रही विशेष भूमिका
इस मामले में थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार, उपनिरीक्षक नेपाल सिंह ठाकुर (चौकी प्रभारी दुनावा), सहायक उपनिरीक्षक रणवीर सिंह, प्रधान आरक्षक सुनील पन्द्राम, प्रधान आरक्षक पुष्पा धुर्वे, आरक्षक सोनू भारती, प्रिंस, महिला आरक्षक मेघा एवं आरक्षक सेवाराम द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।

टैंक में जहरीली गैस से मची त्रासदी, ग्रेटर नोएडा में दो लोगों की मौत
Betul Rain News: बैतूल में रिमझिम से मिली राहत, अच्छी पैदावार के लिए अब तेज बारिश की आस