Betul Municipal Revenue Collection: रिकॉर्ड वसूली के बावजूद सुविधाएं नदारद: नपा ने एक साल में वसूले 9.40 करोड़, शहरवासी परेशान
Betul Municipal Revenue Collection: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। नगर पालिका ने इस साल शहरवासियों से विभिन्न करों के रूप में 9 करोड़, 40 लाख, 73 हजार, 439 रुपये वसूल किए हैं। यह अब तक की रिकॉर्ड सबसे ज्यादा वसूली है। इससे ज्यादा वसूली आज तक कभी नहीं हुई। नपा ने वसूली का रिकॉर्ड तो बना लिया, लेकिन सुविधाएं मुहैया कराने के मामले में बहुत पीछे हैं। शहर के लोगों को बुनियादी सुविधाओं तक के लिए तरसना पड़ता है।
इस साल नगर पालिका की करों के रूप में कुल मांग 11 करोड़, 67 लाख, 80 हजार, 790 रुपये की थी। बाकी समय में तो वसूली की रफ्तार धीमी ही रही, लेकिन फरवरी और मार्च माह में इसने तेज गति पकड़ ली। स्थिति यह है कि वित्त वर्ष समाप्त होते-होते नगर पालिका की कुल वसूली का आंकड़ा 9 करोड़, 40 लाख, 73 हजार, 439 रुपये पर पहुंच गया है। यह लक्ष्य का 81 प्रतिशत है। इसमें से संपत्ति कर की वसूली तो लक्ष्य से ज्यादा 109 प्रतिशत है। नपा के अधिकारियों के अनुसार बकाया संपत्ति कर वसूली में 50 प्रतिशत की छूट समाप्त होने के कारण यह लक्ष्य से अधिक वसूल हुआ है। बताया जाता है कि वसूली का प्रतिशत इससे पहले एक बार ही 81 से अधिक पर गया था। इसके अलावा यदि कुल वसूली की राशि का आंकड़ा देखें तो इससे ज्यादा राशि कभी भी वसूल नहीं हुई है। इस तरह नपा ने इस साल वसूली के मामले में एक कीर्तिमान ही रच दिया है।
सबसे ज्यादा और सबसे कम वसूली
सबसे ज्यादा संपत्ति कर की वसूली लक्ष्य के मुकाबले 109 प्रतिशत हुई है। इसके अलावा समेकित कर की 65 प्रतिशत, सामान्य जल कर की 91 प्रतिशत, जल शुल्क की 58 प्रतिशत, दुकान-भवन भूमि किराया की 63 प्रतिशत, शिक्षा उपकर की 77 प्रतिशत और नगरीय विकास उपकर की 79 प्रतिशत वसूली हुई है। (आंकड़े बॉक्स में)
पांच दिनों में एक करोड़ हुए वसूल
अभियान के तहत 26 मार्च से 30 मार्च तक 62.60 लाख रुपए की वसूली की गई। इसके बाद 31 मार्च 2026 को एक ही दिन में 37.08 लाख रुपए की वसूली कर कुल राशि 99.68 लाख रुपए तक पहुंचा दी गई। इस तरह पांच दिनों में लगभग एक करोड़ रुपए की रिकॉर्ड वसूली दर्ज की गई। मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पांडेय ने वसूली का रिकॉर्ड बनाए जाने पर राजस्व शाखा के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी है। साथ ही भविष्य में भी इसी तरह प्रभावी कार्य करते हुए राजस्व वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
सुविधाओं के लिए तरस रहे लोग
एक ओर नगर पालिका वसूली में कोई कसर नहीं छोड़ती वहीं दूसरी ओर आम नागरिकों को सुविधाएं मुहैया कराने में उतनी रूचि नहीं लेती। आलम यह है कि शहरवासियों को स्वच्छ पेयजल तक नहीं मिल पा रहा है। आए दिन मटमैला पानी सप्लाई किए जाने के मामले सामने आते हैं। वहीं कई बार शिकायतें भी होती हैं। इसके अलावा हाल ही में मापदंड से ज्यादा फिटकरी मिलाने और गंदा पानी सप्लाई किए जाने के मामले भी सामने आए थे। इस पर 2 कर्मचारियों के विरूद्ध कार्रवाई भी की गई है।
सड़क खस्ताहाल, स्ट्रीट लाइट बंद
इसके अलावा शहर की मुख्य सड़क हो या भीतरी गलियां, सभी के हाल बेहाल हैं। कहीं सड़क ही नहीं बनी तो कहीं बनने के तुरंत बाद खस्ताहाल हो गई। लोग गड्ढों भरी और पत्थरों की भरमार वाली सड़कों से आवाजाही करने को मजबूर हैं। इसके अलावा शहर के अधिकांश स्ट्रीट लाइट बंद पड़े रहते हैं। इससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई क्षेत्र तो ऐसे हैं जहां अभी तक स्ट्रीट लाइट ही नहीं पहुंच सकी है। कुछ यही हाल साफ-सफाई का है। शहर में जगह-जगह गंदगी का ढेर लगा रहता है। वार्डों के भीतर तो दूर कई प्रमुख क्षेत्रों तक में गंदगी पसरी रहती है।
राजस्व शाखा की तरह पूरी नपा हों एक्टिव
इस पूरे मामले को लेकर शहर के जागरूक नागरिकों का कहना है कि बेशक राजस्व शाखा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने रिकॉर्ड वसूली कर ऐतिहासिक सफलता हासिल की है, लेकिन नगर पालिका की अन्य शाखाओं को भी इतनी ही मुस्तैदी दिखाने की जरुरत है। यदि पूरी नगर पालिका अपने कर्तव्यों पर गंभीरता से ध्यान देगी तो शहरवासियों को बुनियादी सुविधाएं हासिल हो सकेगी और उन्हें परेशानी का सामना नहीं करना होगा। साथ ही करों के रूप में भारी भरकम राशि देने का उन्हें पछतावा नहीं होगा।
वित्त वर्ष 2025-26 में नपा की वसूली की स्थिति
| कर का नाम | कुल मांग | कुल वसूली |
| संपत्ति कर | 40883440 | 44577689 |
| समेकित कर | 8566357 | 5574494 |
| सामान्य जल कर | 828124 | 755954 |
| जल शुल्क | 36383621 | 21035718 |
| दुकान/भवन भूमि किराया | 8487081 | 5309414 |
| शिक्षा उपकर | 10055471 | 7694466 |
| नगरीय विकास उपकर | 11576696 | 9125705 |
| योग | 116780790 | 94073439 |

Betul Rain News: बैतूल में रिमझिम से मिली राहत, अच्छी पैदावार के लिए अब तेज बारिश की आस
Shahpur Theft Case: पांच महीने बाद चोरी का खुलासा, नरसिंहपुर का आरोपी गिरफ्तार, साथी पर 10 हजार का इनाम