Betul property tax increase: अब ज्यादा हल्की होगी जेब, बैतूल में संपत्ति कर 10% बढ़ा, हंगामे के बीच परिषद बैठक में बड़ा फैसला
Betul property tax increase: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। नगर पालिका द्वारा गत वर्ष संपत्ति कर नहीं बढ़ाने से परिषद की लगभग 12 करोड़ रुपये की राशि लेप्स होने के बाद मंगलवार को हुई परिषद की बैठक में कांग्रेसी पार्षदों के विरोध और असहमति के बावजूद शहरवासियों पर दस फीसदी संपत्ति कर बढ़ा दिया गया है। संपत्ति कर बढ़ाने से शहरवासियों पर लगभग 65 लाख रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा, लेकिन इससे नपा को वित्त आयोग से लगभग 12 से 15 करोड़ रुपये मिल जाएंगे, जिससे नगर के विकास कार्यों में गति आएगी।
परिषद की बैठक में नपा द्वारा नगर सरकार का 48 लाख रुपये बचत का बजट पास किया गया। नए सीएमओ नवनीत पांडे के आने के बाद मंगलवार को हुई परिषद की पहली बैठक काफी हंगामेदार रही। नेता प्रतिपक्ष राजकुमार दीवान के नेतृत्व में कांग्रेसी पार्षदों ने जमकर हंगामा किया। कांग्रेसी पार्षदों ने आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति में विधायक के निर्देशों की अनदेखी कर 30-30 हजार रुपये वसूलने का आरोप लगाया, वहीं कचरा संग्रहण का ठेका ओम सांई विजन को ही देने पर भी जमकर हंगामा मचाया। कांग्रेसी पार्षदों के आरोप पर नवागत सीएमओ नवनीत पांडे "देखता हूँ, रिव्यू करवाता हूँ" कहकर पल्ला झाड़ते रहे। सीएमओ ने आश्वस्त किया कि अगली बैठक के पूर्व वे व्यवस्था ठीक करने का पूरा प्रयास करेंगे।
नगर पालिका परिषद की बजट बैठक मंगलवार को नपा के बाल मंदिर सभागृह में नपाध्यक्ष पार्वत्ती बाई बारस्कर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सीएमओ नवनीत पांडे, उपाध्यक्ष महेश राठौर सहित पार्षद और नपा के प्रमुख अधिकारी मौजूद थे। बैठक में नगर सरकार का बजट के साथ ही 41 विषय रखे गए थे, जिनमें कुछ विषयों पर जमकर हंगामा हुआ, हालांकि बाद में सब पास कर दिए गए।
33 वार्डों में बराबर बजट आए तब दिखेगा शहर में विकास
बैठक में कांग्रेसी पार्षदों ने नपा में बजट वितरण में भेदभाव का आरोप लगाया। कांग्रेसी पार्षद श्रीमती नंदनी तिवारी ने कहा कि वार्डों में विकास कार्य करने में भाजपा और कांग्रेस पार्षदों के वार्ड में भेदभाव किया जा रहा है। पिछली परिषद में सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्डों से 2-2 कार्यों के प्रस्ताव मांगे गए थे, लेकिन कांग्रेसी पार्षदों के वार्डों में काम स्वीकृत नहीं किए गए। श्रीमती तिवारी ने कहा कि सभी 33 वार्डों में बराबर बजट खर्च किया जाएगा, तब ही शहर में विकास दिखाई देगा। पार्षद नईम खान ने आरोप लगाया कि उनसे तो प्रस्ताव तक नहीं लिए गए, काम स्वीकृत करना तो दूर की बात है। सीएमओ नवनीत पांडे ने भविष्य में सभी वार्डों में विकास कार्य किए जाने का आश्वासन दिया।
आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति में विभाग के निर्देशों की अवहेलना
पार्षद अब्दुल नफीस ने नपा द्वारा आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति में विधायक के निर्देशों की अवहेलना का मामला उठाया। नेता प्रतिपक्ष राजकुमार दीवान ने कहा कि परिषद की पूर्व में हुई बैठक में विधायक ने निर्देश दिए थे कि सभी पार्षदों की अनुशंसा से उनके वार्ड के एक जरूरतमंद को आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में नियुक्त कर दें। पार्षदों ने आरोप लगाया कि नपा में कुछ पार्षदों के कहने पर पांच-पांच, छह-छह आउटसोर्स कर्मचारियों को नियुक्त कर लिया है, वहीं नपा के कर्मचारियों ने अपने बच्चों, रिश्तेदारों की नियुक्ति करवा दी है। पार्षदों ने आरोप लगाया कि 30-30 हजार रुपये लेकर आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति की जा रही है। इस पर सीएमओ ने कहा कि पार्षदों की अनुशंसा पर नियुक्ति का आश्वासन देना ही गलत है। नियुक्ति योग्यता के आधार पर की जाती है। एक सहकारी समिति के माध्यम से 45 आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति की जा रही है। वर्तमान में 30 आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति की जा चुकी है। भाजपा पार्षद पिंटू परिहार ने नपा में कार्यरत सभी कर्मचारियों और उनके कार्यस्थल की सूची बनाकर सार्वजनिक करने के निर्देश दिए।
ओम सांई विजन को ठेका देने पर हंगामा
नगर में कचरा संग्रहण कार्य कर रही ओम सांई विजन को दोबारा ठेका देने पर भी पार्षदों ने जमकर हंगामा किया। कांग्रेसी पार्षदों का कहना था कि इस कंपनी की दो साल से शिकायत कर रहे हैं, फिर भी नपा ने ऐसी शर्तें रखीं कि बाकी के दो टेंडर निरस्त हो गए। नेता प्रतिपक्ष राजकुमार दीवान ने कहा कि कंपनी एक दिन के गैप में वार्डों में पहुंच रही है, जबकि टेंडर की शर्तों में सभी 33 वार्डों से प्रतिदिन कचरा संग्रहण करना है। श्री दीवान ने इस टेंडर में आए तीनों ऑफर और दस्तावेज परिषद में रखने के निर्देश दिए हैं। सीएमओ ने कहा कि यदि अब कंपनी का कार्य संतोषप्रद नहीं पाया गया, तो 6 माह में टेंडर निरस्त कर देंगे। इसी प्रकार ट्रेचिंग ग्राउंड मामले में भी जमकर हंगामा हुआ।
255 करोड़ का बजट पास
परिषद की बैठक में नगर पालिका का 255 करोड़ 11 लाख 12 हजार 62 रुपये का बजट पास किया गया। लेखाधिकारी श्री अग्रवाल ने बताया कि नपा की कुल आय 255 करोड़ 11 लाख 12 हजार 62 रुपये और व्यय 254 करोड़ 63 लाख रुपये रहा। इस प्रकार 48 लाख 12 हजार 62 रुपये बचत का बजट पेश किया गया। श्री अग्रवाल ने बैठक में जानकारी दी कि स्थापना पर 26.32 करोड़ रुपये, सामान्य प्रशासन पर 3.80 करोड़ रुपये, स्वास्थ्य शाखा पर 13.50 करोड़ रुपये, विद्युत शाखा पर 12.80 करोड़ रुपये व्यय हुआ। इसी प्रकार लोक निर्माण शाखा के अंतर्गत मरम्मत कार्यों पर 1.47 करोड़ रुपये, नए कार्यों पर 52.25 लाख रुपये, सड़कों और नालियों पर 17 करोड़ रुपये, अन्य मटेरियल एवं सामग्री की खरीदी पर 1.25 करोड़ रुपये व्यय किया गया, वहीं योजनागत व्यय 124 करोड़ रुपये का रहा। आय में राजस्व आय 98 करोड़ रुपये, पूंजीगत आय 39 करोड़ रुपये और योजनागत आय 118 करोड़ रुपये रही।

कपिल सिब्बल का बयान: मतगणना केंद्रों पर राज्य सरकार के कर्मचारी जरूरी
Mamata Banerjee का दावा: बंगाल में फिर बनेगी TMC सरकार
ईरान-यूएस तनाव के बीच फंसा सुपरटैंकर, रणनीतिक हलचल तेज
सम्राट चौधरी का दिल्ली दौरा, कैबिनेट विस्तार की अटकलें तेज
ईरान की कड़ी चेतावनी, अमेरिका की किसी भी कार्रवाई का जवाब देने की बात
अमिताभ बच्चन से सचिन तेंदुलकर तक, लंदन में दिखा भारत का गौरव