Betul Encroachment Drive: बैतूल। शहर में बेतरतीब तरीके से बढ़ते अवैध अतिक्रमण और बिगड़ती यातायात व्यवस्था को लेकर नगर पालिका प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। नवनियुक्त मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पाण्डेय द्वारा पदभार संभालने के बाद लगातार व्यवस्था सुधारने के प्रयास किए जा रहे हैं और अब अगला बड़ा टारगेट शहर में फैले अवैध अतिक्रमण को हटाना तय किया गया है। इसी के तहत अतिक्रमण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए विशेष अतिक्रमण दस्ता गठित कर दिया गया है, जो तत्काल प्रभाव से काम शुरू करेगा।

सड़कों-फुटपाथों पर बढ़ते कब्जे बड़ी समस्या

नगर पालिका के अनुसार शहर के सार्वजनिक मार्गों, फुटपाथों और शासकीय भूमियों पर लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था बेहद खराब हो चुकी है। कई प्रमुख मार्गों पर स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि लोगों का निकलना तक मुश्किल हो गया है और दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने तय किया है कि अब सीधे जब्ती और अर्थदंड की कार्रवाई की जाएगी।

राजस्व निरीक्षक बनाए गए नोडल अधिकारी

अतिक्रमण हटाने की पूरी कार्रवाई को प्रभावी बनाने के लिए नगर पालिका द्वारा राजस्व निरीक्षक बजगोपाल परते को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके निर्देशन में एक विशेष अतिक्रमण दस्ता गठित किया गया है, जो प्रतिदिन शहर के प्रमुख स्थानों का निरीक्षण करेगा और जहां भी अतिक्रमण मिलेगा वहां तुरंत कार्रवाई की जाएगी। नोडल अधिकारी को यह जिम्मेदारी भी दी गई है कि वे हर सप्ताह की कार्रवाई की रिपोर्ट मुख्य नगर पालिका अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।

दल प्रभारी की इन्हें  जिम्मेदारी 

गठित अतिक्रमण दस्ते में सहायक राजस्व निरीक्षक मदन लाल विन्नोदकर को दल प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ कंपाउंडर नीलेश आर्य को सहयोगी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। इसके अलावा दस्ते में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी जीतू दाबड़े, ओमप्रकाश अमझरे, मुकेश नानकर और सुदामा नानकर को भी शामिल किया गया है कार्रवाई में सहयोग करेंगे। यह पूरा दल अब शहर में नियमित रूप से भ्रमण करेगा और जहां भी अतिक्रमण मिलेगा वहां मौके पर ही सामग्री जब्त करने और अर्थदंड लगाने की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की भी ली जाएगी मदद

नगर पालिका द्वारा जारी आदेश में साफ कहा गया है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यकता पड़ने पर नोडल अधिकारी स्थानीय पुलिस प्रशासन से भी समन्वय कर सकेंगे और बल की मांग भी कर सकते हैं। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह दस्ता नए अतिक्रमण को रोकने के लिए भी जिम्मेदार रहेगा ताकि शहर में दोबारा अव्यवस्था की स्थिति पैदा न हो।

नए सीएमओ से लोगों की बढ़ी उम्मीदें

मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पाण्डेय द्वारा पदभार ग्रहण करने के बाद से लगातार सख्त कार्रवाई देखने को मिल रही है। पहले लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई और अब शहर की सबसे बड़ी समस्या माने जा रहे अतिक्रमण पर सीधी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शहर के नागरिकों को अब उम्मीद है कि सख्ती से यातायात व्यवस्था सुधरेगी और शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।