Betul Collector Action: बैतूल। बैतूल कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में प्रातः 11 बजे से आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं ध्यान पूर्वक सुनीं। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने कई प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर मौके पर ही निराकरण कराया, वहीं शेष मामलों में समय-सीमा तय करते हुए अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े प्रकरणों का पूरी निष्पक्षता से समाधान किया जाएं। शासकीय कर्मचारियों द्वारा प्रभाव और अनावश्यक देरी जनहित में कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित के विरुद्ध सख्त एक्शन लिया जाएगा।

जनसुनवाई में भीमपुर निवासी मनसा बाई ने आवेदन के माध्यम से बताया कि उनके खेत में लगी खड़ी फसल को अनावेदक द्वारा काट लिया गया है। जिस पर कलेक्टर ने तहसीलदार भीमपुर से प्रकरण की जानकारी ली और आवेदक मनसा बाई की कृषि भूमि का पुनः सीमांकन करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवेदक को आश्वस्त किया कि सीमांकन करने उपरांत अगर उनकी कृषि भूमि की फसल काटी गई है तो संबंधित खिलाफ कार्यवाही की जाएगी और राहत भी उपलब्ध कराई जाएगी। जनसुनवाई में कुल 83 आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अक्षत जैन और संयुक्त कलेक्टर श्री मकसूद अहमद ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनी। इस अवसर पर सभी विभागीय अधिकारी,  कर्मचारी उपस्थित रहे।

अवैध कब्जा हटाने के दिए निर्देश

जनसुनवाई में मुलताई निवासी नितिन सतापे ने आवेदन के माध्यम से बताया कि उनके निवास के पास अनावेदक द्वारा अवैध भवन निर्माण किया जा रहा हैं। जिस पर कलेक्टर ने एसडीएम और तहसीलदार मुलताई को मौके पर जाकर शिकायत का परीक्षण करने और अवैध निर्माण पाए जाने पर कार्यवाही कर हटाने के सख्त निर्देश दिए। इसी प्रकार ग्राम सल्लेया निवासी रामकिशोर साहू के अवैध कब्जे के आवेदन पर तहसीलदार घोड़ाडोंगरी को शिकायत की जांच कर समाधान के निर्देश दिए। ग्राम जमन्या निवासी नेहरू सूर्यवंशी के मकान बनाने में बाधा उत्पन्न करने के आवेदन पर कलेक्टर ने भीमपुर तहसीलदार को आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए।

राजस्व रिकॉर्ड को अद्यतन करने के दिए निर्देश

जनसुनवाई में आमला निवासी लक्ष्मण श्यामलाल ने मौजा पास्तलाल के राजस्व रिकॉर्ड को अद्यतन करने के सम्बन्ध में आवेदन दिया, जिस पर कलेक्टर ने सुनवाई कर एसडीएम आमला को प्रकरण का त्वरित निराकरण करने तथा सम्बन्धित तहसीलदार रीडर की विरुद्ध कार्यवाही कर एक वेतन वृद्धि रोकने का नोटिस देने के निर्देश दिए। उन्होंने आमला एसडीएम को जनसुनवाई में आए आवेदक शकुन मानकर की बीपीएल कार्ड बनाने की समस्या का समाधान करने, वहीं आवेदक भवानी सिंह के रास्ता विवाद का भी समाधान करने के निर्देश दिए।

अभिलेख दुरुस्ती के दिए निर्देश

जनसुनवाई में चिचोली निवासी गोरेलाल ऊईके ने बताया कि आवेदन देने के बावजूद अभिलेख दुरुस्ती नहीं की जा रही हैं, जिस पर कलेक्टर ने तहसीलदार चिचोली को संबंधित ग्राम मंगरौली के पटवारी के विरुद्ध निलंबन की कार्यवाही करने का नोटिस देने और आवेदक की समस्या का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। आठनेर तहसील के ग्राम में ऐनखेड़ा निवासी दिव्यांग आवेदक द्वारा रोजगार उपलब्ध कराने के आवेदन पर कलेक्टर ने एलडीएम को आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए।