Employee Work Monitoring: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। नगर पालिका सीएमओ नवनीत पांडेय ने कर्मचारियों की स्वच्छंद कार्यशैली पर अंकुश लगाना शुरू कर दिया है। इसी सिलसिले में उन्होंने आदेश जारी कर नई व्यवस्था सभी के लिए लागू कर दी है। अब कर्मचारियों के कार्यों की मॉनिटरिंग भी होगी और उन्हें डेली की प्रोग्रेस भी दिखाना होगा। 

सीएमओ श्री पांडेय द्वारा बनाई गई नई व्यवस्था के अनुसार अब हर कर्मचारियों को डायरी मेंटेन करना होगा। इसमें रोजाना उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करना होगा। सीएमओ कभी भी किसी भी कर्मचारी को बुलाकर उसकी डायरी का अवलोकन कर सकते हैं। 

नई व्यवस्था में केवल कार्यालय में हाजिर होकर हाजरी लगा देना भर पर्याप्त नहीं होगा। इस हाजरी के आधार पर उनका वेतन नहीं बनेगा, बल्कि यह देखा जाएगा कि उसने महीने भर में काम कितना किया है। उसके द्वारा किए गए काम के आधार पर वेतन बनेगा। 

सीएमओ द्वारा यह आदेश जारी करते ही मनमौजी कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। वजह यह है कि अब उन्हें अपनी मर्जी से काम करने का मौका नहीं मिलेगा, बल्कि नियमानुसार काम करना और दिखाना भी होगा।