Betul Underbridge Closed Traffic: अंडरब्रिज 45 दिन तक रहेगा बंद, बढ़ेगा सफर, शहरवासियों को फिर झेलनी होगी परेशानी
Betul Underbridge Closed Traffic: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। शहर के गंज क्षेत्र में स्थित अंडरब्रिज से आवाजाही करने वालों को एक बार फिर पूरे डेढ़ महीने तक परेशानी झेलना होगा। तीसरी लाइन के लिए अंडरब्रिज की लंबाई बढ़ाई जाना है। जिसके चलते यहां से डेढ़ महीने तक आवाजाही बंद रखी जाएगी। इससे पहले अंडरब्रिज वाली सड़क के निर्माण के चलते यहां 6 से 7 महीने तक लोगों को परेशानी उठाना पड़ा था।
रेलवे के कार्यकारी अभियंता (निर्माण) मनोज पाटीदार द्वारा इस संबंध में दी गई जानकारी के अनुसार बैतूल रेलवे में किलोमीटर क्रमांक 850/41-43 पर इटारसी छोर पर स्थित अंडरपास की तीसरी लाइन निर्माण हेतु लंबाई बढ़ाई जाना है। इस कार्य के सुचारू संचालन हेतु इस अंडरपास (अंडरब्रिज) को सड़क यातायात के लिए अस्थाई रूप से बंद किया जाना आवश्यक है। इसका निर्माण कार्य 3 अप्रैल को सुबह 8 बजे से शुरू किया जाएगा और कार्य पूर्ण करीब 45 दिनों में होगा।
इसमें एक माह निर्माण कार्य के लिए और 15 दिन तराई के लिए लगेंगे। जिसके चलते इस अंडरपास से 3 अप्रैल से 45 दिनों तक सड़क यातायात को परिवर्तित मार्ग द्वारा सदर ओवरब्रिज से निकाला जाना प्रस्तावित है। रेलवे के पूर्व मुख्य यातायात निरीक्षक बैतूल अशोक कटारे ने बताया कि पहले 1 अप्रैल से 15 मई तक अंडरब्रिज से आवाजाही बंद रखना था, लेकिन गर्ग कॉलोनी रामनगर में हनुमान जन्मोत्सव एवं शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के चलते इसमें परिवर्तन कर 1 अप्रैल की जगह 3 अप्रैल किया गया है।
क्या इतने समय में पूरा हो जाएगा काम
रेलवे द्वारा भले ही यह काम 45 दिनों में पूरा कर लिए जाने की बात कही जा रही है, लेकिन जानकारों का कहना है कि इतने समय में इतना बड़ा काम पूरा हो पाना संभव ही नहीं है। ऐसे में रेलवे द्वारा इसकी अवधि में फिर इजाफा कर दिया जाएगा। जानकारों का कहना है कि इससे पहले अंडरब्रिज वाली सड़क एक ओर ही बनने में 6 से 7 महीने लग गए, जबकि पहले यह कार्य भी एक महीने में ही पूरा करने की बात कही गई थी। इसके चलते इस कार्य में भी यही स्थिति बनने की संभावना जताई जा रही है।
लोगों को फिर काटना होगा लंबा फेरा
45 दिनों तक अंडरब्रिज से आवाजाही बंद होने के कारण लोगों को फिर खासी परेशानी उठानी होगी। सड़क निर्माण के चलते भी लोगों को महीनों तक परेशानी उठाना पड़ा था। अब एक बार फिर यही परेशानी लोगों को उठाने को मजबूर होना पड़ेगा। इसके अलावा गंतव्य तक जाने के लिए खासा लंबा फेरा भी काटना होगा।
रोज गुजरते हैं 10 हजार वाहन
इस अंडरब्रिज से रोजाना 10 हजार वाहन चालक गुजरते हैं। शहर में आने और शहर से इस ओर जाने वाले वाहनों को अब 3 किलोमीटर का फेरा लगाकर ओवरब्रिज से आना-जाना होगा। इसी तरह एक अप्रैल से स्कूल भी शुरू हो जाएंगे। ऐसे में रामनगर, गर्गकॉलोनी के बच्चों को भी प्रतिदिन 3 किलोमीटर का फेरा लगाकर सदर ओवरब्रिज से आना-जाना होगा।

जैक स्नाइडर का हुमा कुरैशी को सरप्राइज, सोशल मीडिया पर लिखी खास बात
‘मुझे खुशी है कि मुझे मारा नहीं गया’: कुब्रा सैत का मज़ेदार बयान
मघड़ा शीतला मंदिर में भगदड़: 8 महिलाओं की मौत, दर्जन भर घायल
दालमंडी में दूसरे दिन भी चला ध्वस्तीकरण अभियान, बुलडोजर से गिराए भवन