Betul White Topping Road: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। शहर के कारगिल चौक से टिकारी होकर पुराने नेशनल हाईवे तक व्हाइट टॉपिंग रोड बनना तो शुरू हो गई है, लेकिन अभी तक इस सड़क के पोल शिफ्ट नहीं हो सके हैं। यही कारण है कि कई पोल बीच सड़क पर खड़े हैं। जहां पर सड़क बन गई है, वहां वाहनों की रफ्तार भी तेज हो गई है। ऐसे में बीच सड़क पर खड़े यह पोल बड़े हादसों का सबब बन सकते हैं। इस सड़क पर सर्वे में कुल 101 चिन्हित किए गए थे। 

शहर के कारगिल चौक से गाड़ाघाट टिकारी होकर पुराने नेशनल हाईवे तक कुल 2.70 किलोमीटर लंबी व्हाइट टॉपिंग सड़क का निर्माण कार्य इन दिनों चल रहा है। 10 मीटर चौड़ी यह सड़क कुल 7.89 करोड़ रुपये की राशि से बन रही है। इस सड़क का 2140 मीटर हिस्सा सीसी रोड बनेगा वहीं 500 मीटर का हिस्सा डामर से बनाया जाएगा। इस सड़क के निर्माण के लिए नवंबर माह में भूमिपूजन हुआ था। उसके कुछ समय बाद ही ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। सड़क निर्माण का कार्य पुराने नेशनल हाईवे की ओर से शुरू किया गया था। टिकारी क्षेत्र में सड़क का काफी हिस्सा बन गया है। 

सड़क पर स्थित हैं 101 बिजली पोल 

सड़कों का निर्माण कराने से पहले नियमानुसार पोल और अतिक्रमण आदि हटा लिए जाते हैं और ठेकेदार को पूरी जगह उपलब्ध कराना होता है, लेकिन यहां विभाग द्वारा न तो पूरी तरह से अतिक्रमण हटाया है और न ही बिजली के पोल ही हटाए गए हैं। इस सड़क का जब सर्वे किया गया था, उसमें कुल 101 पोल चिन्हित किए गए थे, जिन्हें कि शिफ्ट करना है, लेकिन अभी तक यह शिफ्ट नहीं किए गए हैं और सड़क पर ही स्थित हैं। 

वाहनों की खासी बढ़ चुकी है रफ्तार 

इधर जिस हिस्से में सड़क बन चुकी है, वहां पर वाहन बेहद तेज रफ्तार से चल रहे हैं। वैसे भी अधिकांश वाहन पुराने हाईवे से चल कर इस सड़क पर आते हैं, जिससे उनकी रफ्तार बेहद तेज होती है। दूसरी ओर सड़क पर स्थित कुछ पोल तो सड़क के बेहद भीतर आ गए हैं। ऐसे में रात में तेज रफ्तार होने पर यह पोल नजर ही नहीं आते। इससे यह बीच सड़क पर खड़े पोल बड़े हादसे का सबब बन सकते हैं। 

टेंडर हो चुके पर काम नहीं हुआ शुरू 

विभागीय सूत्रों का कहना है कि पोल शिफ्ट करने के लिए टेंडर भी हो चुके हैं। पोल शिफ्टिंग के इस कार्य के लिए करीब एक करोड़ रुपये खर्च होना है। टेंडर बुलाने पर ठेकेदार द्वारा 80 लाख रुपये में यह काम लिया गया है। बताते हैं कि टेंडर हुए काफी समय हो गया है, लेकिन लोक निर्माण विभाग द्वारा अभी तक यह कार्य शुरू नहीं कराया गया है। 

सड़क चौड़ी होने से तेज होगी रफ्तार 

गौरतलब है कि इस सड़क पर स्थित लिंक रोड क्षेत्र में कई अस्पताल, मैरिज लॉन और एक निजी स्कूल स्थित हैं। इससे रोजाना बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही इस रोड से होती है। इसके चलते रोजाना इस रोड पर जाम लगने की समस्या उत्पन्न होती है। यह 10 मीटर चौड़ी सड़क बनने से जाम लगने की समस्या से मुक्ति मिल जाएगी। इसके अलावा पुराने नेशनल हाईवे पर जाकर भोपाल की ओर निकलने में भी खासी आसानी होगी।