Navneet Pandey CMO Betul: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। मैं पूरे प्रयास करूंगा कि बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने जिन अपेक्षाओं के आधार पर मुझ पर भरोसा जताया है, उन अपेक्षाओं पर खरा उतरूं। उन्होंने कहा कि जिस शहर के विधायक, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी हो, वहां पर भी यदि अधिकारी कार्य नहीं करते हैं तो यह उनका नकारापन ही कहा जाएगा। मैं स्वयं प्रतिदिन शहर में भ्रमण करूंगा और व्यवस्थाओं का जायजा लेकर जो भी कमी होगी, उसे सुधारने का पूरा प्रयास करूंगा। यह बात नवागत सीएमओ नवनीत पांडे ने प्रभार ग्रहण करने के बाद 'राष्ट्रीय जनादेश' से चर्चा में कही। 

सीएमओ श्री पांडे ने गुरुवार को नगर पालिका परिषद पहुंच कर अपना प्रभार ग्रहण किया। इसके बाद उन्होंने नपा के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। सीएमओ श्री पांडे ने प्रभार ग्रहण करते ही नपा के अधिकारियों और कर्मचारियों के सामने स्पष्ट कर दिया है कि सभी को पूरी गंभीरता के साथ अपने-अपने कार्य करना होगा। अब कोई भी कामचोरी नहीं कर सकेंगे। इसके साथ ही यह भी साफ कर दिया कि रोजाना शाम को सभी से यह जानकारी भी ली जाएगी कि दिन भर में उन्होंने क्या-क्या किया।

'राष्ट्रीय जनादेश' से चर्चा में उन्होंने आगे कहा कि बैतूल शहर में करने के लिए बहुत कुछ है, यहां काफी कुछ करने की गुंजाइश है। अनौपचारिक चर्चा में उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जैसी शख्सियत यदि हमारे शहर में हैं और फिर भी यदि कोई अधिकारी कोई काम नहीं करवा पाए तो यह उक्त अधिकारी का नकारापन ही माना जाएगा। उन्होंने कहा कि वे ऐसी स्थिति हर्गिज नहीं बनने देंगे। वे शहरवासियों के लिए ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं उपलब्ध कराने के पूरे-पूरे प्रयास करेंगे। उनकी पूरी कोशिश होगी कि नपा की किसी अव्यवस्था के कारण किसी भी नागरिक को कोई परेशानी न उठाना पड़े।

सीएमओ श्री पांडे ने बताया कि उनके पूरे प्रयास रहेंगे कि नगर पालिका की हर शाखा अपने कार्य सुचारू रूप से करें और लोगों को ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं मुहैया कराए। वे स्वयं भी नगर पालिका में उपलब्ध रहेंगे और सुबह शहर में भी भ्रमण करेंगे। वे स्वयं बैतूल में कई सालों तक रह चुके हैं, इसलिए पूरे शहर के चप्पे-चप्पे को देखा है और उन्हें शहर को जानने-समझने में अतिरिक्त समय नहीं लगेगा। 

गड़बड़ी करने वालों की खैर नहीं 

नगर पालिका के उन कर्मचारियों की अब खैर नहीं जो कि गंभीरता से अपना कार्य करने के बजाय विभिन्न तरीकों से गड़बड़ी करके अव्यवस्था बनाने में मुख्य भूमिका निभाते हैं। सीएमओ श्री पांडे ने आते ही ऐसे कर्मचारियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं ताकि इन पर अंकुश लगाया जा सके। 

कलेक्टर और नपाध्यक्ष से सौजन्य भेंट

सीएमओ श्री पांडे ने ज्वाइन करने के बाद कलेक्टर बंगले पहुंच कर कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी से सौजन्य भेंट की। इसके बाद वे नगर पालिका अध्यक्ष पार्वतीबाई बारस्कर के निवास पर पहुंचे और उनसे भी सौजन्य भेंट की।