Betul Nagar Palika Budget 2026-27: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। नगर पालिका बैतूल में के सीएमओ नवनीत पांडे की उपस्थिति में गुरूवार को प्रेसिडेंट इन कौंसिल (पीआईसी) की बैठक नपाध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर की अध्यक्षता में हुई। बैठक नपा के बाल मंदिर सभागृह में संपन्न हुई। बैठक में पीआईसी द्वारा २५० करोड़ के बजट का अनुमोदन किया गया। इस साल लगभग ५० लाख रुपए बचत का बजट पेश किया गया है। बजट की विस्तृत जानकारी ३० मार्च को होने वाली परिषद बैठक में दी जाएगी। बैठक में पीआईसी ने नपा में पदस्थ दो सहायक राजस्व निरीक्षकों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही करने का प्रस्ताव भी पास किया। वहीं शहर के विभिन्न वार्डों में होने वाले निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी गई। नपा द्वारा हाल ही में टैगोर वार्ड में गुप्ता मॉल से एचपी गैंस एजेंसी तक बनाई गई सीमेंट कांक्रीट सड़क में डिवाइउर एवं एमएस रैलिंग लगाने २८.४५ लाख रूपए की स्वीकृति दी गई। पीआईसी द्वारा बैठक में रखे गए ५७ में से ५६ कार्यों की स्वीकृति दी गई। 

नगर पालिका परिषद बैतूल की पीआईसी की बैठक गुरूवार को नपा के बाल मंदिर सभागृह में हुई। बैठक में कुल ५७ विषय रखे गए थे। जिसमें सबसे प्रमुख नगर पालिका का साल २०२6-२7 के लिए आय-व्यय बजट स्वीकृत करवाना था। नपा के लेखा विभाग द्वारा साल २०२6-२7 में लगभग २५० करोड़ का बजट रखा। जिसमें नपा की आमदनी २५० करोड़ रुपए एवं खर्च लगभग २४९ करोड़ ५० लाख रुपए किया है। जिसे पीआईसी ने स्वीकृत कर दिया है।

दो सहायक राजस्व निरीक्षक पर कार्यवाही प्रस्तावित

नगर पालिका बैतूल में पदस्थ दो सहायक राजस्व निरीक्षकों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही करने का निर्णय लिया गया है। सहायक राजस्व निरीक्षक पुष्पराव महस्की द्वारा कार्य में लापरवाही बरतने पर नियमानुसार कार्यवाही करने विभाग को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया, वहीं सहायक राजस्व निरीक्षक श्रीमती आरती सरियाम को चेक बाउंस के मामले में न्यायालय द्वारा दोषी पाए जाने पर नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही करने का निर्णय लिया गया।

नपाकर्मियों के निधन पर अनुकंपा नियुक्ति प्रस्तावित

पीआईसी की बैठक में निर्णय लिया गया है कि नपा में कार्यरत दैनिक वेतन भोगी या आउटसोर्स कर्मचारी नपा में पदस्थ रहते हुए दिवंगत हो जाते हैं तो उनके परिजन या आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति की तरह नगर पालिका में ही दैनिक वेतन भोगी या आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में पदस्थ किया जाएगा। बैठक में नपा के दिवंगत भृत्य स्वर्गीय जितेंद्र धुर्वे की मृत्यु उपरांत उनके पुत्र मयंक धुर्वे को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करने का निर्णय लिया गया। साथ ही निकाय में कार्यरत लगभग १० श्रमिकों को अर्ध कुशल एवं कुशल श्रमिक का वेतन देने का निर्णय भी लिया गया।

एसएचजी वृक्षारोपण प्रोत्साहन राशि पर होल्ड

नपा पीआईसी में रखे गए ५७ विषयों में से ५६ विषयों को स्वीकृति दे दी गई है। विषय क्रमांक ८ में अमृत २.० योजना अंतर्गत वूमन फार ट्री योजनांतर्गत दी जा रही प्रोत्साहन राशि अनुसार अमृत महाभियान अंतर्गत एसएचजी द्वारा किए जाने वृक्षारोपण हेतु भी प्रति वृक्ष प्रति माह ५० रुपए प्रोत्साहन राशि दिए जाने का प्रस्ताव रखा था। पीआईसी ने इसे होल्ड पर रख दिया है। यदि इसे स्वीकृति मिल जाती तो एसएचजी द्वारा किए जा रहे वृक्षारोपण में भी प्रति पेड़ के हिसाब से प्रोत्साहन राशि मिलना शुरू हो जाती। 

इन वार्डों में होगे निर्माण कार्य

पीाईसी द्वारा टैगोर वार्ड में २८.४५ लाख रुपए से डिवाइडर एवं एमएस रैलिंग निर्माण, २३.३८ लाख से पार्किंग रोड एवं पेविंग ब्लॉक निर्माण, चंद्रशेखर वार्ड में २४.११ लाख से आरसीसी कवर्ड नाली निर्माण, भगतसिंह वार्ड में २०.१९ लाख रुपए से रिटनिंग वाल निर्माण, विवेकानंद वार्ड में २७.७० लाख से आरसीसी नाली एवं सीसी रोड तथा १५.४२ लाख से आरसीसी नाली निर्माण, विकास वार्ड में ३१.०५ लाख रुपए ने गलियों में सीसी सड़क निर्माण, मालवीय वार्ड में २४.४६ लाख रुपए से रिटर्निंग वाल निर्माण, प्रताप वार्ड में १३.९० लाख रुपए से सीसी रोड़ निर्माण सहित शहर के अन्य वार्डों में करोड़ों रुपए के निर्माण कार्यों की स्वीकृति दी है। नगर पालिका परिषद की बैठक आगामी ३० मार्च को रखी गई है जिसमें बजट सहित अन्य विषयों पर चर्चा कर निर्णय किए जाएंगे।