Multai Police Attack Case: मुलताई (राष्ट्रीय जनादेश)। खेड़ी रामोसी में मंगलवार दोपहर जमीन के सीमांकन के दौरान पुलिस एवं प्रशासन टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया जिसमें टीम के साथ गए भाजयुमो जिलाध्यक्ष भास्कर मगरदे एवं उप निरीक्षक आर एस राजपूत को गंभीर चोटें आई है। वहीं भास्कर के साथी चेतन अमरूते सहित कोटवार मनोज नागले, प्रधान आरक्षक सोनू ठाकुर, आरक्षक सौरभ कुशवाह एवं कमलसिंह घायल हुए हैं। 

32 लोगों पर दर्ज किया मामला 

इस मामले में पुलिस ने 22 नामजद तथा 10 अन्य ग्रामीणों पर थाना मुलताई में अपराध क्रमांक 174/26 धारा 191(2), 191(3), 190, 132, 121(2), 109(1), 304(2), 296(2), 351(3) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जानलेवा हमला, शासकीय कार्य में बाधा, लोक सेवकों को चोट पहुंचाना तथा जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। इधर घटना के बाद मासोद चौकी प्रभार आर एस राजपूत को लाईन अटैच कर दिया गया है जिनकी जगह उप निरीक्षक अमित पंवार को पदस्थ किया गया है। पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज करने के बाद आरोपियों की तलाश की जा रही है जिसकी बुधवार तक कोई गिरफ्तारी नही हुई है। थाना प्रभारी नरेन्द्र सिंह परिहार ने बताया कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।

पत्थर, फावड़ा, सब्बल से किया हमला

थाना प्रभारी परिहार ने बताया कि बलवाईयों ने सुनियोजित तरीके से पुलिस एवं प्रशासन की टीम पर पत्थरों सहित फावड़ा, सब्बल, हार्सपाईप से हमला किया। अचानक हुए हमले से पुलिस प्रशासन की टीम सकते में आग गई जिसमें सभी को भागकर जान बचाना पड़ा। उन्होंने बताया कि हमले में जहां पुलिसकर्मी घायल हुए वहीं राजस्व निरीक्षक सीपी पाल, पटवारी संदीप बोरबन, दिलीप करोचे, रविन्द्र कनौजिया, धीरज खैरिया आदि ने भागकर जान बचाई। उन्होंने बताया कि हमलावर अक्रामक थे तथा पास से पथराव कर रहे थे जिसके कारण उप निरीक्षक आरएस राजपूत तथा भाजयुमो जिलाध्यक्ष भास्कर मगरदे को गंभीर चोटें आई है।

भूमि का सीमांकन करने गई थी टीम 

शिकायत कर्ता आरएस राजपूत की शिकायत के अनुसार खेड़ी रामोसी में भास्कर मगरदे की मां चंद्रकला मगरदे के नाम 16 एकड़ जमीन का सीमांकन किया जा रहा था। इसी दौरान दिलीप उईके तथा उसके परिवार के सदस्यों सहित साथियों ने सीमांकन में बाधा उत्पन्न करते हुए पथराव कर दिया। छीना झपटी में उप निरीक्षक राजपूत का मोबाईल भी छीन लिया गया। शिकायत के अनुसार राजपूत के सिर, पैर में गंभीर चोट आई है वहीं भास्कर मगरदे की नाक पर गंभीर चोट है। इधर कोटवार मनोज नागले के पैर, प्रधान आरक्षक सोनू ठाकुर की पीठ तथा सौरभ कुशवाह के हाथ में चोट आई है जिसके आधार पर पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज किया गया है।

चौकी प्रभारी को इसलिए किया लाइन अटैच 

एसपी वीरेंद्र जैन ने बताया कि उक्त घटना में प्रथम दृष्टया उप निरीक्षक रणधीर सिंह राजपूत, चौकी प्रभारी मासोद द्वारा घटना का समुचित आकलन नहीं करना एवं आवश्यक बल/बलवा ड्रिल सामग्री के साथ मौके पर उपस्थित नहीं होना पाए जाने पर उन्हें तत्काल रक्षित केंद्र बैतूल संबद्ध किया गया है तथा उनके विरुद्ध स्पष्टीकरण जारी किया गया है।

आरोपियों की तलाश कर रही पुलिस 

थाना प्रभारी नरेन्द्र सिंह परिहार ने बताया कि पुलिस तथा प्रशासन के नुमांईदों पर हमला एक गंभीर घटना है जिसमें 32 लोगों पर प्रकरण दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद अधिकांश आरोपी फरार हो गए हैं जिनकी सघनता से तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।