commercial LPG shortage betul: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। सरकार द्वारा मंगलवार से कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई शुरू कर होटल, ढाबों में सिलेंडर देने के निर्णय के बावजूद मंगलवार को जिले में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सपलाई नहीं हुई। गैस की किल्लत के चलते शहर की चौपाटी में ही 50 से अधिक दुकान बंद हो गई हैं। हालात यह हो गए हैं कि जिन दुकानदारों के पास पहले के सिलेंडर रखे हुए हैं वे घर से चूल्हे पर खाद्य सामग्री पका कर ला रहे हैं और चौपाटी में गर्म करके खिला रहे हैं। जिस दुकानदार के पास सिलेंडर में गैस खत्म हो रही है उन्हें दुकान ही बंद करना पड़ रहा है जिससे उनकी रोजी रोटी छिनने लगी है। 

गैस की किल्लत बढ़ते ही सरकार ने लगभग 15 दिन पहले कमर्शियल गैस सप्लाई की पर प्रतिबंध लगा दिया था जिससे अधिकांश चाय, नाश्ते की दुकानें बंद होने लगी थी। जिला मुख्यालय में अकेले चौपाटी में ही लगभग 130 दुकानें हैं जहां चाट, फुलकी, चाइनीज, साउथ इंडियन और फास्ट फूड मिलता है। इनमें से अभी लगभग 50 से 60 दुकानें बंद हो गई है। चौपाटी में चाट दुकान चलाने वाले योगेश यादव ने बताया कि उनके पास पुरानी टंकी रखी थी। गैस किल्लत होने पर लगभग सभी दुकानदार घरों से ही चूल्हे पर अधिकतर खाद्य सामग्री पकाकर ला रहे हैं यहां सिर्फ हल्का गर्म करके दे रहे हैं।

श्री यादव ने बताया कि मंगलवार को अखबारों में कमर्शियल गैस मिलने का समाचार देखकर वे सिलेंडर लेने पहुंचे लेकिन न तो 19 किलो वाला और ना ही 5 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर मिला है। उनके पास भी 3-4 दिन चलने लायक गैस बची है। यदि उसके पूर्व गैस सिलेंडर नहीं मिले तो उन्हें भी दुकान बंद करना पड़ेगा।

श्री यादव के अनुसार अगले 8-10 दिनों में कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई नहीं हुई तो चौपाटी की लगभग सभी दुकानें बंद हो सकती है। लगभग यही हाल शहर में चाय, नाश्ते की अन्य दुकानों का भी है। दुकानदारों का कहना है कि 19 किलो का बड़ा सिलेंडर न भी मिले तो 5 किलो ग्राम गैस वाले छोटे कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई शुरू करनी चाहिए अन्यथा उनकी रोजी रोटी बंद होने की कगार पर पहुंच जाएगी।