Amla theft case: रिश्ते की आड़ में लाखों की चोरी, आमला पुलिस ने 20.85 लाख का माल बरामद कर आरोपी को दबोचा
Amla theft case: बैतूल जिले के आमला में हुई बड़ी चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। खास बात यह है कि चोरी करने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं बल्कि पीड़ित का ही रिश्तेदार निकला। आरोपी ने चोरी के जेवर गिरवी रखकर कर्ज चुकाया, लेकिन पुलिस की सटीक कार्रवाई से पूरा मामला उजागर हो गया और लाखों रुपये का माल बरामद कर लिया गया।
9-10 मार्च की रात की घटना
यह घटना 9 और 10 मार्च 2026 की दरम्यानी रात की है, जब आमला के कुन्बी मोहल्ला में रहने वाले ओमकार टिकारे के घर को निशाना बनाया गया। अज्ञात व्यक्ति ने घर के पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उसने घर में रखी अलमारी और पलंग पेटी को तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और एक बैग में रखे 30 हजार रुपये चोरी कर लिए।
शिकायत पर दर्ज किया अपराध
घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर थाना आमला में अपराध क्रमांक 75/2026 दर्ज किया गया। इस प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की गई।

जाँच के लिए बनाई विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र कुमार जैन के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी मुलताई शिवकुमार सिंह के मार्गदर्शन में टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से जांच को आगे बढ़ाया। इसी दौरान पुलिस को संदेह के आधार पर इंदौर निवासी महेन्द्र उर्फ रंजीत देवड़े को हिरासत में लिया गया। 23 मार्च 2026 को पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
रिश्ते की आड़ में वारदात
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पीड़ित का रिश्तेदार है और मौसा के घर आने-जाने के कारण उसे घर की पूरी जानकारी थी। आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव में उसने इसी जानकारी का फायदा उठाकर चोरी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
गोल्ड लोन से चुकाया कर्ज
चोरी के बाद आरोपी ने सोने-चांदी के जेवर इंदौर स्थित एक फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखकर 8 लाख से अधिक रुपये हासिल किए। इसमें से लगभग 4.57 लाख रुपये उसने अपने बैंक खाते के माध्यम से कर्ज चुकाने में खर्च किए, जबकि करीब 2.98 लाख रुपये उसके खाते में पाए गए, जिन्हें पुलिस ने फ्रीज कर दिया।
पुलिस ने जब्त की नकदी और जेवर
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 20 लाख 85 हजार 200 रुपये का मशरूका बरामद किया है। इसमें 12 लाख 28 हजार 800 रुपये के सोने के जेवर, 440 ग्राम चांदी के आभूषण जिनकी कीमत करीब 1 लाख 1 हजार 220 रुपये है, 4 लाख 57 हजार रुपये नकद और बैंक खाते में जमा 2 लाख 98 हजार रुपये शामिल हैं।
आरोपी की जानकारी
गिरफ्तार आरोपी महेन्द्र उर्फ रंजीत देवड़े की उम्र 32 वर्ष है और वह इंदौर के वृंदावन कॉलोनी, कुम्हारखेड़ा रोड, बाणगंगा क्षेत्र का निवासी है। उसका स्थायी पता बैतूल जिले के सांईखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पौनी में है।
इस पुलिस टीम की भूमिका
इस पूरे मामले के खुलासे में थाना आमला की टीम ने अहम भूमिका निभाई। थाना प्रभारी रविकांत डेहरिया के नेतृत्व में उपनिरीक्षक बलराम यादव, अमित पवार, प्रधान आरक्षक नीलेश सोनी सहित अन्य पुलिसकर्मियों और साइबर सेल की टीम ने मिलकर कार्रवाई को सफल बनाया।
पुलिस अधीक्षक ने की अपील
पुलिस अधीक्षक ने आम लोगों से अपने घरों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और कीमती सामान की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां जरूर बरतें।

युद्ध से बातचीत की ओर बढ़े कदम, ईरान ने हमले रोके, सीजफायर पर जोर
छात्रों पर कार्रवाई को लेकर संसद में हंगामा, गृह मंत्री से इस्तीफे नहीं बल्कि माफी की मांग
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर उद्धव ठाकरे का वार, कहा- जनता सच पहचानती है
CJP का सरकार पर बड़ा हमला, कहा- छात्रों के खिलाफ कार्रवाई तुरंत रोको
धरती का खिसकना आया सामने, NISAR सैटेलाइट ने खोली वेनेजुएला भूकंप की परतें
मलेरिया पर सरकारी दावों की खुली पोल, कांकेर में 10 दिन में 3 बच्चों की मौत; बस्तर में 8426 संक्रमित