BJP Mahila Morcha Betul President: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। प्रदेश संगठन द्वारा मोर्चा और प्रकोष्ठों में फटाफट नई नियुक्तियां की जा रही हैं। भाजपा जिला महिला मोर्चा बैतूल की अध्यक्ष ममता मालवी को महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी में मंत्री बनाए जाने के बाद जिले में इस पद पर नई नियुक्ति होना तय है। इस बार भाजपा का जिला अध्यक्ष पंवार समाज से है। इसलिए महिला विंग की जिला अध्यक्ष कुंबी समाज से बनाए जाने का दबाव लगातार बढ़ रहा है।

बबला शुक्ला जब भाजपा जिला अध्यक्ष थे तो महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष का पद ओबीसी के कोटे में चला गया था। इस बार महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष के लिए कुंबी प्रत्याशी की दावेदारी प्रबल मानी जा रही है। वैसे भी जिले के इतिहास में भाजपा ने आज तक महिला मोर्चा के जिला अध्यक्ष पद की कमान किसी भी कुंबी नेत्री को नहीं दी है। 

भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष के लिए इस बार कुंबी समाज की दावेदारी एक नंबर पर चल रही है। हालांकि बैतूल जिला अब चूंकि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का गृह जिला है, इसलिए यहां पर होने वाली एक-एक नियुक्ति सोच समझ कर की जाएगी।

भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष पद के लिए जिन नेत्रियों के नाम चर्चा में हैं, उनमें महिला मोर्चा गंज नगर मंडल की अध्यक्ष नीलम वागद्रे, भाजपा महिला मोर्चा महामंत्री सुनीता देशमुख, सक्रिय भाजपा नेत्री माधुरी साबले के नाम शामिल हैं।