BJP Organizational Appointments: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। प्रदेश भाजपा संगठन द्वारा अलग-अलग मोर्चा-प्रकोष्ठों में नियुक्तियों की घोषणा तेजी से की जा रही है। निगम-मंडल अध्यक्षों की घोषणा के पहले पार्टी मोर्चा और प्रकोष्ठों की नियुक्तियां कर बहुत सारे नेताओं को एडजस्ट कर निगम-मंडल के दावेदारों को सीमित भी कर रही है। शनिवार को भाजपा ओबीसी मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की गई, जिसमें बैतूल जिला भाजपा की राजनीति में लंबे समय से हासिए पर चल रहे सक्रिय भाजपा नेता अतीत पंवार को प्रदेश मंत्री बना कर उन्हें एडजस्ट किया गया है। 

अतीत पंवार 2 बार नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष रह चुके हैं। सहकारिता के क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ होने के साथ-साथ भाजपा की राजनीति में भी हमेशा उनकी सक्रियता बरकरार रही है। जब बबला शुक्ला भाजपा के जिला अध्यक्ष बने थे, तो माना जा रहा था कि अतीत को महामंत्री का पद जिला भाजपा में मिलेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उस समय भी अतीत को उनकी वरिष्ठता से इतर रखते हुए जिला मंत्री बना दिया गया। इसके बाद जब सुधाकर पंवार जिला भाजपा के अध्यक्ष बने तो संभावना थी कि उनकी टीम में अतीत पंवार को जिला उपाध्यक्ष का पद मिलेगा, लेकिन इस बार तो उन्हें कार्यालय मंत्री बना दिया गया। 

अतीत पंवार को अपनी सक्रियता और पार्टी के प्रति निष्ठा के बदले दोनों बार जिला कार्यकारिणी में सम्मानजनक स्थान नहीं दिया गया। सुधाकर की टीम में तो कार्यालय मंत्री बनने के बाद कुछ समय के लिए अतीत सक्रिय राजनीति से दूर ही हो गए थे। फिर कुछ माह पूर्व वापस उन्होंने पार्टी में सक्रियता बढ़ाई। इसके पीछे उन्हें करीब से जानने वाले यह कारण बताते हैं कि पार्टी ने अघोषित रूप से उन्हें कार्यालय मंत्री की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया है। अब शनिवार को भाजपा ओबीसी मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी में उन्हें प्रदेश मंत्री बनाया गया है। एक प्रकार से लंबे समय से जिला भाजपा की राजनीति में हासिए पर भेज दिए गए अतीत पंवार की इस पद पर आने के बाद सक्रिय राजनीति में वापसी होगी। 

वहीं महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति में बैतूल जिला भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष ममता मालवी को उनकी सक्रियता का इनाम देते हुए प्रदेश मंत्री बनाया गया है। जिससे उन सभी चर्चाओं पर भी पूर्ण विराम लग गया है, जिनमें यह माना जा रहा था कि भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष के पद पर ममता रिपीट हो सकती हैं। 

चिचोली ब्लॉक की गोधना पंचायत के सरपंच और युवा मोर्चा जिला महामंत्री रहे संतोष चिक्का टेकाम को भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा का जिला अध्यक्ष बनाया गया है। संतोष टेकाम भाजपा जिला महामंत्री पद के भी दावेदार थे, लेकिन 2028 के परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए टीम सुधाकर पंवार में आदिवासी कोटे से डॉक्टर महेंद्र सिंह काल्या सिंह चौहान को महामंत्री बनाया गया है, जो मूलत: भीमपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं और वर्तमान में बैतूल जिला मुख्यालय पर अपना निजी अस्पताल चला रहे हैं।