Success Story: रसोइया के बेटे ने रचा इतिहास: रेलवे में जूनियर इंजीनियर बना, भाई आर्मी में और बहन नर्सिंग ऑफिसर
Success Story: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। आम तौर पर आम मध्यम वर्गीय एवं निम्र वर्ग के लोगों का सपना रहता है कि उनके बच्चे अपने पैरों पर खड़े हो जाएं, उन्हें शासकीय सेवा करने का मौका मिल जाएं। इसके लिए व्यक्ति जीवन भर संघर्ष कर बच्चों की परवरिश करता है। स्वयं अभाव में दिन गुजार कर बच्चों की जरुरतें पूरी करता है। वही बच्चे जब अपने पिता के अरमानों पर खरा उतरकर मंजिल पा लेते हैं, तो उस पिता को मानो स्वर्ग का सुख पृथ्वी पर ही मिल जाता है। उसकी जीवन भर की साधना का सुखद फल प्राप्त हो जाता है।
ऐसी ही साधना की थी जनजातीय कार्य विभाग के आदिवासी बालक छात्रावास पाढर में पदस्थ रहे रसोइया शेषराव पाटील ने। उन्होंने अपनी चतुर्थ श्रेणी की नौकरी में रहकर अपने दोनों बेटों और एक बेटी को इस लायक बनाया कि एक बेटा भारतीय सेना में है और बेटी स्वास्थ्य विभाग में नर्सिंग ऑफिसर बनकर नाम रोशन कर रही हैं। अब बड़े बेटे का चयन मध्य रेलवे में कनिष्ठ अभियंता (जूनियर इंजीनियर) के पद पर हुआ है। उसकी पोस्टिंग मुंबई में हुई है, जहां ज्वाइनिंग देने वे रविवार को पाढर से मुंबई रवाना हुए। दूसरे बेटे को भी सेंट्रल रेलवे में नौकरी मिलने से शेषराव पाटील की साधना सफल हो गई है।
लगभग 20 साल पहले जनजातीय कार्य विभाग के बालक छात्रावास में रसोइया के पद पर पदस्थ हुए शेषराव पाटील तीन साल पहले यहीं से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। श्री पाटील की पत्नी श्रीमती सरस्वती पाटील गृहणी हैं। अपनी छोटी सी नौकरी के दम पर दो बेटे, एक बेटी सहित 5 पांच लोगों का परिवार चलाने वाले शेषराव पाटील ने सीमित संसाधनों के बावजूद तीनों बच्चों की शिक्षा-दीक्षा में कोई कमी नहीं छोड़ी। बच्चों ने भी माता-पिता की परिस्थिति को देखते हुए सफलता पाने जी तोड़ मेहनत की। इसी का परिणाम है कि एक पुत्र नीतेश पाटील का चयन भारतीय सेना में हो गया। बेटी सोनल पाटील ने भी जी तोड़ मेहनत की और नर्सिंग ऑफिसर बनकर पिता के सपनों को साकार किया।
श्री पाटील के बड़े बेटे प्रीतम पाटील ने 12वीं तक की शिक्षा शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल पाढर से प्राप्त की। इसके बाद आठवां मील स्थित श्री बालाजी इंजीनियर कॉलेज से सिविल ब्रांच से बीई किया। घर में ही रहकर रेलवे भर्ती परीक्षा की तैयारी की और 2024 में आयोजित आरआरबी जेई परीक्षा दी। इसमें प्री और मेन्स दोनों परीक्षाएं क्लीयर करने के बाद प्रीतम का चयन जूनियर इंजीनियर (सिविल) के पद पर मध्य रेलवे मुंबई जोन में हुआ। प्रीतम पाटील 23 मार्च को मुंबई पहुंच कर ज्वाइनिंग देंगे। प्रीतम के मध्य रेलवे में जूनियर इंजीनियर के पद पर चयनित होने पर ग्रामीणों में भी हर्ष है। ग्राम के भाजपा नेता गैलेंद्र राठौर ने मुंह मीठा कर प्रीतम का सम्मान किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

ईरान-अमेरिका में बड़ी बातचीत: इन शर्तों पर 45 दिन का सीजफायर संभव
राम अवतार जग्गी हत्याकांड: हाईकोर्ट ने अमित जोगी को सुनाई उम्रकैद
गैस संकट में डीलरों का खेल: उपभोक्ताओं से ठगी कर कमाए 28 लाख रुपए, हुआ बड़ा खुलासा
बर्फ में लिपटा केदारनाथ धाम, यात्रा पर संकट गहराया; मौसम विभाग का आज भी अलर्ट जारी
ग्वालियर जू में खुशखबरी: बाघनी ‘मीरा’ ने 2 रॉयल बंगाल और 1 सफेद शावक को जन्म दिया