Betul mandi protest farmers: अब रविवार तक मंडी से व्यापारियों के पूरे बोरे उठाने का आश्वासन, आश्वासन पर स्थगित धरना
Betul mandi protest farmers: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। कृषि उपज मंडी में किसानों की समस्याओं, मंडी परिसर में व्यापारियों के बोरे उठाने, तुलाई के लिए हम्मालों द्वारा की जा रही अवैध वसूली पर रोक लगाने सहित अन्य समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ द्वारा मंगलवार शाम ४ बजे से मंडी परिसर में शुरू किया गया धरना एक बार फिर प्रशासन के आश्वासन पर स्थगित हो गया है।
मंगलवार रात्रि लगभग नौ बजे प्रशासन की ओर से बैतूल ग्रामीण तहसीलदार ने भारतीय किसान संघ के नेताओं को आश्वासन दिया है कि अगले चार दिन मंडी बंद है, रविवार शाम तक मंडी परिसर से किसानों के पूरे बोरे उठवा दिए जाएंगे। शुक्रवार को मंडी परिसर में मंडी प्रबंधन के साथ ही व्यापारियों, हम्मालों और किसान संघ नेताओं के साथ बैठक भी रखी गई है जिसमें किसानों की समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। इस आश्वासन के बाद भारतीय किसान संघ ने मात्र ५ घंटे बाद ही रात्रि ९ बजे धरना समाप्त कर दिया। जिससे बुधवार को मंडी में नीलामी हो पाई।
कृषि उपज मंडी में शेड के साथ ही पूरे परिसर में व्यापारियों के बोरे रखे हुए हैं। मक्का ले जाने जब स्टेशन पर रैक लगती हैं तब ही व्यापारी मंडी से बोरे उठाते हैं अन्यथा मंडी परिसर में ही डंप करते हैं। जिससे किसानों की उपज उतारने जगह नहीं रहती है। इतना ही नहीं मंडी परिसर में हम्माल बिना राशि लिए उपज की तुलाई ही नहीं करते हैं। किसानों की इस समस्या पर मंडी प्रबंधन हमेशा मौन धारण कर लेता है। जिसके लिए भारतीय किसान संघ ने ६ मार्च को ज्ञापन दिया था। उस समय भी ३ दिन में व्यापारियों के बोरे उठाने का आश्वासन दिया था। ११ दिन बाद भी जब हालात जस के तस रहे तो मंगलवार शाम ४ बजे से भारतीय किसान संघ द्वारा मंडी का मुख्य गेट बंद कर धरना शुरू कर दिया था।
रविवार तक सभी बोरे उठाने का आश्वासन
भारतीय किसान संघ द्वारा धरना देने से मंडी परिसर में अनाज लेकर आने वाहनों की मंडी के बाहर कतार लग गई वहीं मंडी के अंदर भी व्यापारियों के बोरे ले जा रहे ट्रक नहीं निकल पा रहे थे। धरना प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर रात्रि लगभग ९ बजे तहसीलदार गोवर्धन पाठे कृषि उपज मंडी पहुंचे। उन्होंने धरना दे रहे भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों से चर्चा की।
भारतीय किसान संघ जिला अध्यक्ष मनोज नावंगे ने बताया कि तहसीलदार ने आश्वासन दिया है कि मंडी परिसर से रविवार शाम तक किसानों के सभी बोरे उठवा लिए जाएंगे। साथ ही २० मार्च को मंडी परिसर में भारसाधक अधिकारी बैतूल एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह मंडी प्रबंधन, व्यापारियों, हम्मालों, किसानों की सामूहिक बैठक लेकर सभी समस्याओं पर चर्चा करेंगे। जिसमें भाकिसं के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। इस आश्वासन के बाद रात्रि लगभग साढ़े ९ बजे भारतीय किसान संघ ने धरना समाप्त कर दिया।
धरना समाप्त होने से बुधवार को मंडी में नीलामी तो हुई लेकिन अव्यवस्थाएं जस की तस रही। मंडी परिसर व्यापारियों के बोरों से भरा रहा वहीं किसानों को तुलाई करवाने रूपए देने पड़े। किसान संघ नेताओं का कहना है कि यदि रविवार तक मंडी परिसर व्यापारियों के बोरों से खाली नहीं हुआ तो वे फिर धरने पर बैठेंगे और जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होती धरना जारी रखेंगे।

रायपुर के काजी आरिफ अली को वक्फ बोर्ड ने किया बर्खास्त
सिंधिया बोले- मुंगावली से है पारिवारिक रिश्ता, आवास देने से पहले लिया वादा
Katni में नकली बीड़ी-सिगरेट का बड़ा खुलासा, छापे में भारी स्टॉक जब्त
शांति बनाए रखने के लिए BJP को रोकना जरूरी: ममता बनर्जी का चुनावी बयान, एकता की अपील
सिर्फ 5000 रुपये में ट्रिप, 5 हिल स्टेशन जो हैं ऑफबीट
विश्व में हनुमान मंदिरों की यात्रा, चमत्कारिक अनुभव